देश में लोकतंत्र के महापर्व के बीच सातवें और अंतिम चरण के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है, लेकिन शुक्र और गुरु अस्त होने के चलते शुभ कार्य निषेध होने के चलते राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों की चिंता बढ़ गई है। 25 अप्रैल को शुक्र अस्त हो चुका है और 6 मई को गुरु भी अस्त हो गए हैं। मंगलवार से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आगामी 14 मई तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकते हैं। इस दौरान 9, 10, 13 और 14 मई को नामांकन के लिए शुभ मुहूर्त हैं। 11 मई को महीने के दूसरे शनिवार और 12 मई को रविवार की छुट्टी के चलते नामांकन नहीं हो पाएंगे। प्रदेश में प्रत्याशी 9 मई से नामांकन दाखिल करेंगे। जानकारों का कहना है कि नामांकन पत्र शुभ मुहूर्त और सही नक्षत्र में भरा जाए तो उत्तम फलदायी रहता है। निर्वाचन विभाग ने नामांकन पत्र दाखिल करने का समय सुबह 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक निर्धारित किया है। इसलिए प्रत्याशियों को इसी समय के बीच का मुहूर्त तलाशना होगा।