12 मई तक कर सकते हैं आवेदन
राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने बताया कि 12 मई तक मतदाता होम वोटिंग के लिए आवेदन कर सकते हैं। अब तक करीब 97 हजार फार्म भरवाए जा चुके हैं। इनकी छंटनी के बाद योग्य मतदाताओं को होम वोटिंग की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।
निर्वाचन अधिकारी की अनुमति के बिना रूट नहीं बदलेंगे निरीक्षण दस्ते
निष्पक्ष तरीके से लोकसभा चुनावों के आयोजन को लेकर निर्वाचन आयोग की तैयारियों के बीच आयोग ने निरीक्षण दस्तों को बिना अनुमति रूट न बदलने के निर्देश जारी किए हैं। निरीक्षण दस्तों के वाहनों में जीपीएस बंद नहीं होना चाहिए अगर ऐसा होता है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिमाचल में सुबह 7:00 से शाम के 6:00 बजे तक होगा मतदान
1 जून को हिमाचल में होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए मतदान सुबह 7:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक होगा। शाम 6:00 बजे तक जितने मतदाता मतदान के लिए कतारों में लगे होंगे, उन सभी के वोट डलवाए जाएंगे। गर्मियों के मौसम को देखते हुए सुबह बीते विधानसभा चुनावों के मुकाबले मतदान के समय में दो घंटे की बढ़ोतरी की गई है। विधानसभा चुनाव 2022 में सर्दी के मौसम में हुए थे। तब मतदान सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक हुआ था। समय में बढ़ोतरी से निर्वाचन आयोग को मतदान प्रतिशतता बढ़ने की भी उम्मीद है। दो घंटे अतिरिक्त समय मिलने से अधिक संख्या में लोग मतदान करने पहुंचेंगे, इतना ही नहीं प्रदेश के मैदानी इलाकों में दोपहर के समय तेज धूप में वोट डालने से भी लोग बचेंगे और सुबह और शाम को मतदान कर सकेंगे। राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने बताया कि प्रदेश में लोकसभा चुनावों के लिए लोग सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान कर सकेंगे।
दूध के पैकेट से मतदान जागरुकता
प्रदेश में चुनाव आयोग मतदाताओं को मत का प्रयोग करने के लिए कई प्रकार के कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। आयोग की टीम स्वीप गतिविधियां ही नहीं नुक्कड़ नाटकों से भी लोगों को जागरूक कर रही है। अब लोगों को मत के प्रयोग के लिए जागरूक करने में नामी कंपनियां भी आगे आ गई हैं। प्रदेश में आने वाले नामी दूध, दही, पनीर के पैकेट पर भी मतदान की अपील की जा रही है। हाल ही में यह शुरुआत एक कंपनी की ओर से की गई है। दूध, दही, पनीर के पैकेट पर मतदान के आह्वान को लेकर स्टैंप लग रही है। इसमें ‘योअर वोट योअर वॉइस मार्क वोट ऑन 1 जून’ लिखा जा रहा है। हालांकि वोट डालने के लिए दूध के पैकेट में लगाई गई स्टैंप से कई लोग असमंजस में भी आ रहे हैं। वे केवल एक जून पढ़ रहे हैं। ऐसे में सोच रहे हैं कि एक्सपायरी तिथि को बदल दिया गया है। संवाद