नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ अनाप-शनाप बयानबाजी से परहेज करें तो यह सीएम के हित में रहेगा। मुकेश ने कहा ‘सीएम अगर ओछी बात करेंगे, तो हमारे मुंह सिले नहीं हैं। हमारी जयराम को सलाह है कि सीमा और मर्यादा में रहें। अगर बात बिगड़ी तो दूर तक जाएगी।’ नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि खामोशी को कमजोरी न समझा जाए। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर एक वर्ष पहले सीएम बने हैं।
शिष्टाचार और मर्यादा राजनीति का हिस्सा है। राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी के सर्वोच्च नेता हैं, जिनके दम पर कई राज्यों में कांग्रेस की सरकारें बनी हैं। गुरुवार को जारी बयान में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस द्वारा जारी किए गए घोषणापत्र से भाजपा के हाथ पांव फूल गए हैं। घोषणापत्र में गरीबों के लिए 72 हजार रुपये सालाना देने की बात हुई है। भाजपा के लोग आज न तो अच्छे दिन की बात करते हैं और न 15 लाख रुपये का जिक्र। कांग्रेस पार्टी विश्व की सबसे बड़ी योजना मनरेगा लाई थी। भाजपा के नेता इस बात का जवाब दें कि मोदी बिन बुलाए पाकिस्तान क्यों गए थे। इमरान खान व पाकिस्तान को शुभकामनाएं क्यों दी गईं।
अनिल से करेंगे बेटे के लिए प्रचार का आग्रह
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि वे अनिल शर्मा से बात कर पितृ धर्म निभाने और बेटे के लिए प्रचार करने का आग्रह करेंगे। अनिल के पिता सुखराम व बेटे आश्रय कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए हैं। ऐसे में जब पिता और बेटा दोनों कांग्रेस में हैं तो अनिल शर्मा से हमारा आग्रह रहेगा कि वे भी अपने बेटे के लिए प्रचार करें।