बीते 30 सालों से शिमला में टेलरिंग का काम कर रहे एडम एंड ईव के संचालक वरींद्र सिंह ने बताया कि कुर्ता-पायजामा अब नाइट सूट नहीं रहा, समर ड्रेस बन गया है। चुनावी मौसम में तो इसका रुझान और भी ज्यादा बढ़ गया है। गर्मी के मौसम में कुर्ता-पायजामा आरामदायक भी रहता है इसलिए इसकी डिमांड ज्यादा है। नेता स्टाइल कुर्ता-पायजामा सिलवाने वालों की संख्या इन दिनों दोगुनी हो गई है।
वीरभद्र सिंह, विक्रमादित्य और सुरेश भारद्वाज के कपड़ों की सिलाई कर चुके हसन टेलर के संचालक आसिफ खान (मिडल बाजार) और क्लास आउटफिट के संचालक अशफाक अहमद उर्फ कल्लू मास्टर ( 7/11 मार्केट) के पास इन दिनों नेता स्टाइल कुर्ता-पायजामा की डिमांड डबल हो गई है। आसिफ खान ने बताया कि पिछले महीने तक रोजाना 3 से 4 कुर्ता-पायजामा बनाने की डिमांड आ रही थी लेकिन अब रोजाना 8 से 10 नई डिमांड आ रही है।
डिमांड पूरी करने के लिए कारीगर बढ़ाने पड़े हैं। कल्लू मास्टर भी बड़े नेताओं के लिए टेलरिंग कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि बैन वाला कुर्ता, पंजाबी स्टाइल कुर्ता, कलीदार और बंगाली कुर्ता फैशन में है। पहले बास्केट भी बनाते थे लेकिन अब रेडीमेड ज्यादा चलता है।
ऐसे बनता है नेता स्टाइल कुर्ता-पायजामा
शॉट चाइनीज कालर, कुर्ते की लंबाई घुटनों तक, हॉफ या फुल बाजू, पायजामा पेंट स्टाइल बेल्ट वाला।