कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा है कि आश्रय के पिता अनिल शर्मा फिलहाल भाजपा के मंत्री हैं। उनका आगे क्या होने वाला है, इसका खुलासा दो-चार दिन में हो जाएगा। राठौर ने कहा कि कांग्रेस ने आश्रय शर्मा को टिकट देकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को मंडी जिले में चुनौती दी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के पास धनबल है जबकि कांग्रेस के पास जनबल। ज्वालामुखी में मीडिया से मुखातिब राठौर ने कहा कि पार्टी हाईकमान के संभावित फैसलों का विरोध करने वाले पदाधिकारियों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
लोकसभा चुनावों में कांगड़ा-चंबा से पवन काजल, शिमला से धनीराम शांडिल और मंडी से आश्रय शर्मा पार्टी के जिताऊ चेहरे हैं। एक-दो दिन में हमीरपुर संसदीय सीट से भी दमदार प्रत्याशी को उतारा जाएगा।
यह पार्टी उम्मीदवार भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर को हराने में पूरी तरह सक्षम रहेगा। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता संजय रत्न, प्रदेश सचिव बलविंद्र बबलू, धर्मेंद्र शर्मा मौजूद रहे।