लोकसभा चुनाव को शांतिप्रिय ढंग से निपटाने के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आईटीबीपी के जवानों ने पुलिस के साथ मोर्चा संभाल लिया है। आईटीबीपी के जवान संयुक्त फ्लैग मार्च और सर्च अभियान कर रहे हैं।
ताकि जिले के सीमावर्ती और अन्य क्षेत्रों में घटित होने वाली गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा सके। जिले में पुलिस का पहरा इसलिए भी बढ़ाया गया है ताकि आम लोगों को लोकसभा चुनाव में मतदान करने में किसी प्रकार की परेशानी पेश न आए।
इसके चलते आईटीबीपी और हिमाचल पुलिस चप्पे-चप्पे पर नजर बनाए हुए हैं। जिला में आईटीबीपी और पुलिस के जवान 16 मार्च से संयुक्त फ्लैग मार्च और सर्च अभियान को अंजाम दे रहे हैं। चंबा जिला जम्मू कश्मीर के बॉर्डर से सटा हुआ है।
इसलिए चंबा जिला के बॉर्डर क्षेत्र में सुरक्षा की एहतियात बरतना और भी आवश्यक है। इतना ही नहीं चुनावों के दौरान होने वाले गैर कानूनी कार्यों पर भी टीमों की पूरी नजर है।
आईटीबीपी और चंबा पुलिस के जवान सीमावर्ती क्षेत्र से लेकर रावी तटों और चमेरा जलाशय में सुरक्षा के इंतजाम को जांचा। सुरक्षा बलों के अनुसार रोजाना सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका ने बताया कि आईटीबीपी और पुलिस की टीमें संयुक्त रूप से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त फ्लैग मार्च और सर्च अभियान चला रही हैं। जिससे चुनावों के दौरान किसी प्रकार की कोई भी आपराधिक घटना घटित न हो।