पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के स्टार प्रचारक गुलाम नबी आजाद ने ऊना के हरोली के ललड़ी में मोदी सरकार और भाजपा पर हमला बोला। शुक्रवार को आयोजित रैली में उन्होंने कहा कि जो लोग यह कहते हैं कि कांग्रेस ने पिछले 70 सालों में क्या किया वे यह जानते हैं कि आजादी के बाद भाखड़ा बांध से लेकर पानी के बड़े-बड़े डैम कांग्रेस पार्टी की ही देन है। पंडित नेहरू के समय में बिजली के बड़े प्रोजेक्ट बनवाए गए।
गुलाम नबी ने कहा कि मोदी को राजनीति की एबीसी तक नहीं आती। उन्हें पहली कक्षा में दाखिला लेना चाहिए। मौजूदा प्रधानमंत्री अपने पांच साल के कार्यकाल में देशभर में 18 हजार गांवों में बिजली पहुंचाने की बात करते हैं। जबकि देश के साढ़े 6 लाख गांवों में से 6 लाख 3 हजार से अधिक गांव में बिजली पहुंचाने का काम कांग्रेस पार्टी ने किया है। आजाद ने कहा कि 1947 में जब देश आजाद हुआ था, तब मात्र 1500 गांवों में बिजली थी।
देश को नई तकनीक व नई विकास की राह कांग्रेस पार्टी ने ही दी। आजादी के बाद देश के 32 करोड़ लोगों के लिए अनाज व अन्य जरूरी सामान रशिया व अमरीका से मंगवाया जाता था। देश के तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की दूरदर्शिता से ही अनाज योग्य भूमि पर सिंचाई के लिए ट्यूबवेल लगवाए गए। वहीं इंदिरा गांधी के समय में उत्तम किस्म के बीज मंगवाए गए। 10 करोड़ युवाओं को नौकरी देने की बात जब संसद में पूछी गई तब साढ़े 3 लाख का ही आंकड़ा दे पाए।