कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा और बड़सर विधानसभा क्षेत्र से विधायक इंद्र दत्त लखन पाल ने अमर उजाला को बताया कि कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल की अध्यक्षता में पार्टी प्रत्याशी का नाम तय करने को लेकर एक बैठक हुई है।
इसमें संसदीय क्षेत्र के 17 विधानसभा क्षेत्रों के कांग्रेसी विधायक एवं पूर्व विधायक मौजूद थे। सुखविंद्र सिंह सुक्खू और अभिषेक राणा के नाम पर चर्चा हुई है। केंद्रीय चुनाव समिति ने इस सीट से किसी भी प्रत्याशी का नाम फाइनल नहीं किया है अभी कुछ वक्त और लगेगा।
टिकट में देरी से हो सकता है नुकसान
कांग्रेस के टिकट आवंटन में देरी से पार्टी को नुकसान भी उठाना पड़ सकता है। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पिछले कई महीनों से विधायक राजेंद्र राणा के पुत्र अभिषेक राणा को लोकसभा चुनावों में उतारने की पैरवी कर रहे हैं। कांग्रेस में दूसरा गुट सुखविंद्र सिंह सुक्खू को लेकर सक्रिय है।
लेकिन टिकट पर फंसा पेच निकल नहीं पा रहा है। उधर भाजपा से वर्तमान सांसद अनुराग ठाकुर के पक्ष में मुख्यमंत्री समेत कई कबीना मंत्री चुनाव प्रचार में उतर चुके हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अभी तक अनुराग ठाकुर के पक्ष में हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र में तीन कार्यक्रमों में शिरकत कर चुके हैं।