पश्चिम बंगाल में अमित शाह पर हमले का विरोध करते हुए भाजपा ने बुधवार को प्रदेश भर में धरने-प्रदर्शन किए। शिमला शहर में हुए प्रदर्शन का भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू ने नेतृत्व किया।
उनके नेतृत्व में भाजपा नेताओं ने शिमला के उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भी भेजा। इस तरह के प्रदर्शन अन्य जिला मुख्यालयों पर भी हुए।
भाजपा नेताओं ने मुंह पर काली पट्टी पहनकर मौन प्रदर्शन किया।
इसके बाद डीसी शिमला के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन दिया, जिसमें कहा गया कि भाजपा को मिल रहे भारी जनसमर्थन से ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस बौखला गए हैं। अमित शाह पर कोलकाता में रोड शो के दौरान हुआ कातिलाना हमला कायराना है।
पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र को बचाने के लिए उचित कदम उठाए जाएं। शिमला में हुए प्रमुख धरना-प्रदर्शन में श्याम जाजू के अलावा शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, भाजपा महामंत्री चंद्रमोहन ठाकुर आदि नेता मौजूद रहे।