लोकसभा चुनाव सफलतापूर्वक निपटाने के लिए लाखों अधिकारी एवं कर्मचारियों की ड्यूटी चुनाव आयोग की ओर से लगाई जाती है। सबसे ज्यादा सेवाएं अध्यापकों की ली जाती हैं। आनी विधानसभा क्षेत्र के आनी खंड में 64 ऐसे प्राथमिक स्कूल हैं, जो मात्र दो-दो अध्यापक के ही जिम्मे हैं। उन शिक्षकोें की भी ड्यूटी चुनाव के दौरान लगा दी गई है। इस कारण इन 64 स्कूलों में चुनाव की रिहर्सल और मतदान के दौरान ताला लटकने की नौबत है। ऐसे में बच्चों की पढ़ाई पर भी संकट मंडराएगा।
अभिभावकों ने मांग की है कि ऐसे स्कूलों में शिक्षकों की वैकल्पिक व्यवस्था हो। शुक्रवार को भी हुई चुनावी प्रक्रिया की रिहर्सल के दौरान यह स्कूल खिचड़ी बनाने और जलवाहकों के सहारे रहे। ऐसी ही एक रिहर्सल 6 मई को होनी है, जबकि 19 को मतदान से पूर्व जिनकी ड्यूटी चुनाव करवाने की लगी है, वे सभी 15 से 20 मई तक व्यस्त रहेंगे।
इस संबंध में खंड प्राथमिक शिक्षा अधिकारी के कार्यालय से वीरवार को ही इस समस्या को लेकर प्राथमिक शिक्षा उपनिदेशक को एक ई-मेल भेजी थी, लेकिन शुक्रवार तक उसका कोई जवाब नहीं आया। इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी कुल्लू यूनुस ने कहा कि सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम आनी से लिखित में संपर्क करें। जहां से वे ऐसे संस्थानों की डिटेल हमें दें तो हम सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी स्कूल बिना अध्यापक के न चुनाव से पूर्व रहे और न ही बाद में।