1 जून को हिमाचल में होने वाले लोकसभा चुनाव में करीब 1800 दृष्टिबाधित मतदाता बिना किसी सहारे के मतदान करेंगे। पोलिंग बूथ पर दृष्टिबाधित मतदाताओं को पीठासीन अधिकारी ब्रेललिपि प्रकाशित मार्गदर्शिका उपलब्ध करवाएंगे। मार्गदर्शिका को ऊंगली के स्पर्श से पढ़ने का समय दिया जाएगा। मार्गदर्शिका में मतदाता को ईवीएम के जरिये मतदान की पूरी जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी। ईवीएम मशीनों पर भी दाईं ओर ब्रेललिपि का विकल्प होगा जिसकी मदद से दृष्टिबाधित मतदाता अपने मनपंसद प्रत्याशी को आसानी से वोट दे सकेंगे। मतदान केंद्र पर शारीरिक रूप से विकलांग मतदाताओं को कतारों में खड़े नहीं रहना पड़ेगा। पोलिंग स्टेशन पर ऐसे मतदाताओं को सीधे पीठासीन अधिकारी से मिलना होगा। पीठासीन अधिकारी दृष्टिबाधित मतदाताओं का वोट प्राथमिकता के आधार पर डलवाएंगे। ऐसे मतदान केंद्र जहां दृष्टिबाधित मतदाता पंजीकृत हैं, वहां व्हीलचेयर और रैंप की सुविधा भी मुहैया करवाई जाएगी।