नाहन में 78 प्रतिशत मतदान
भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल के विधानसभा क्षेत्र नाहन में सबसे अधिक 78 फीसदी मतदान हुआ। प्रधानमंत्री मोदी ने नाहन में जनसभा की थी। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह के गृहक्षेत्र रामपुर में 74.16 फीसदी और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के विधानसभा क्षेत्र सराज में 75 फीसदी मतदान हुआ। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के विधानसभा क्षेत्र नादौन में 72.01 फीसदी मतदान हुआ है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के विधानसभा क्षेत्र हरोली में 70.01 फीसदी मतदान प्रतिशत रहा।
नतीजे आते ही भितरघात करने वाले नपेंगे
हिमाचल प्रदेश में चुनावी नतीजे आते ही भाजपा और कांग्रेस कई नेता और पदाधिकारी भितरघात करने के लिए नपेंगे। भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों के विरुद्ध काम करने वालों को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। दोनों ही राजनीतिक दलों में नुकसान पहुंचाने वालों की सूचियां बनेंगी। इनमें से कई नेताओं और पदाधिकारियों का छह साल के लिए भी निष्कासन हो सकता है। हर चुनाव की तरह इस बार भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों में भितरघात होने की चर्चा है। कई सीटों पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पर्याप्त प्रचार नहीं किया तो कई स्थानों पर अंदरखाते मार की। कई नेता नाराजगी होने पर मनाने पर कहने के लिए तो मान गए, मगर उन्होंने वांछित प्रचार नहीं किया।
अगर उनके यहां वोट पक्ष में नहीं मिले तो यह उन पर कार्रवाई का आधार बन सकता है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता महेंद्र धर्माणी ने बताया कि पूर्व मंत्री रामलाल मारकंडा लाहौल स्पीति से पार्टी के आधिकारिक प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं और पूर्व प्रत्याशी राकेश चौधरी ने भी धर्मशाला में भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ा है। ऐसे में उनके खिलाफ पहले ही कार्रवाई कर दी गई है। कोई और मामला सामने आता है तो पार्टी की ओर से इस पर विचार किया जाएगा। वहीं, कांग्रेस के राज्य उपाध्यक्ष नरेश चौहान का कहना है कि अभी तक भितरघात की शिकायतें तो सामने नहीं आई हैं। शिकायत मिली तो उस पर अनुशासनात्मक कार्रवाई पर विचार किया जाएगा। ब्यूरो