पड़ोसी राज्यों पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और यूटी चंडीगढ़ में वीकेंड लॉकडाउन लगने के बाद हिमाचल में पर्यटन कारोबार ठप हो गया है। हिल्स क्वीन शिमला में शनिवार को शहर के अधिकांश होटलों में कमरे खाली रहे। कुछ होटलों में महज पांच से 10 फीसदी ही ऑक्यूपेंसी रही। कोरोना की दूसरी लहर के बाद पर्यटन कारोबार पर असर पड़ना शुरू हो गया था लेकिन वीकेंड पर सैलानियों की आमद जारी थी। इस सप्ताह वीकेंड पर भी सैलानी शिमला नहीं पहुंचे हैं। कसौली में तो शनिवार को होटलियर शून्य फीसदी आक्यूपेंसी बता रहे हैं।
डलहौजी और धर्मशाला में भी अधिकतर होटल खाली है। शिमला के होटल कारोबारियों का कहना है कि अब हालात लॉकडाउन जैसे हो गए हैं। सैलानियों के न आने के कारण होटल बंद करने की स्थिति आ गई है। कमाई न होने के चलते स्टाफ को सेलरी देना संभव नहीं है। शिमला होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सूद का कहना है कि मौजूदा समय में कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते शिमला में वीकेंड टूरिज्म बुरी तरह प्रभावित हुआ है। वीकेंड पर शिमला में टूरिस्टों के न आने से होटलों के अधिकतर कमरे खाली हैं। सरकार की ओर से कोई मदद नहीं मिल रही। होटलों पर तालाबंदी की नौबत आ गई है।