शोघी में लोगों की जांच की गई।
- फोटो : अमर उजाला
जिला शिमला के लोगों को प्रशासन ने मंगलवार को चंडीगढ़ से शिमला पहुंचा दिया। इन सभी लोगों की शोघी बैरियर पर डॉक्टरों की टीम ने स्वास्थ्य जांच की है। जांच के बाद अलग-अलग बसों में इन्हें घरों के लिए रवाना कर दिया है। प्रदेश सरकार बाहरी राज्यों में फंसे जिला शिमला के छात्रों और अन्य लोगों को घर लाने का कार्य कर रही है। मंगलवार को चंडीगढ़ से लोगों को 25 बसों में शिमला पहुंचाया गया। सभी को शोघी स्थित बैरियर पर उतारकर उनके स्वास्थ्य की जांच की गई। इसके बाद सभी को घर को भेज दिया है।
यह लोग जिला शिमला के रोहड़ू, चौपाल, रामपुर, मतियाना, ननखड़ी, ठियोग, मशोबरा और सुन्नी के रहने वाले हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इन सभी लोगों का रिकॉर्ड अपने पास रखा है। इससे इन पर निगरानी रखी जा सके। उपायुक्त अमित कश्यप और एएसपी प्रमोद शुक्ला ने भी मौके पर व्यवस्थाओं को जांचा। मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी सोनम नेगी ने खुद लोगों की जांच की और उन्हें कोरोना से बचने के टिप्स दिए।
जिला के 608 लोगों की जांच : सोनम
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सोनम नेगी ने बताया कि चंडीगढ़ से 608 लोग शिमला पहुंचे हैं। सभी की स्वास्थ्य जांच की है इन्हें अब होम क्वारंटीन पर रहना होगा। एसडीएम, डीएसपी और क्षेत्र के बीएमओ को भी इन लोगों की सूचना दी है ताकि वह भी इन पर निगरानी रख सके।
नहीं लिए गए सैंपल
बाहरी राज्यों से जो लोग शिमला पहुंचे हैं, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इनके सैंपल नहीं लिए है। दावा किया है कि इनमें किसी तरह के लक्षण नहीं थे लिहाजा वह घरों पर ही रहेंगे।