यूरोकिड्स प्रीस्कूल ने वार्षिक उत्सव मनाया
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। यूरोकिड्स प्रीस्कूल चक्कर के वार्षिक उत्सव ऑकलैंड हाउस विद्यालय के सभागार में रविवार को हर्षोल्लास से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ। इसके बाद प्री-नर्सरी वर्ग के नन्हें बच्चों ने मनमोहक स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। नर्सरी के बच्चों ने गीतों पर नृत्य कर दर्शकों का मन मोह लिया।
छोटे बच्चों ने नाट्य प्रस्तुति से संदेश दिया कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी विशेषताओं के कारण सुंदर और अनोखा है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रधानाचार्य ऑकलैंड हाउस विद्यालय रूबेन टी. जॉन रहे। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बाल विकास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और बच्चों को अपनी प्रतिभा अभिव्यक्त करने का अवसर देते हैं।
इस अवसर पर रोटेरियन अध्यक्ष रोटरी हिल क्वींस पूजा गोयल और अध्यक्ष आईडब्ल्यूसी मिडटाउन नेहा शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। विद्यालय की प्रधानाचार्या गीता खरबंदा ने विद्यालय की शिक्षण पद्धति और विविध गतिविधियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम का सबसे भावनात्मक पल तब आया जब बच्चों ने अपनी माताओं और बहनों के साथ मंच साझा करते हुए मनभावन नृत्य प्रस्तुत किया। माताओं के समूह ने भी ऊर्जावान प्रस्तुति देकर महिला सशक्तीकरण का संदेश दिया।