जिले में आठ सड़कों पर बड़े वाहनों की आवाजाही थमी
कई संपर्क मार्ग अवरुद्ध, सेब को मंडी में पहुंचाने में आ रहीं दिक्कतें
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण कई संपर्क मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में बार-बार हो रहे भूस्खलन के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। इस वजह से किसानों के लिए सेब की फसल को मंडियों तक पहुंचाने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। लोक निर्माण विभाग ने ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों को बहाल करने में जेसीबी समेत अन्य मशीनरी तैनात की गई है। इसके बावजूद बारिश से भूस्खलन और डंगे गिरने से संपर्क मार्गाें पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
जिला शिमला की बात करें तो आठ संपर्क सड़कें बंद हैं, जबकि आठ सड़कों पर बड़े वाहनों की आवाजाही नहीं हो पा रही है। दलोगघघाटी-गागनघाटी पर वाहनों की आवाजाही नहीं हो पा रही है। यहां पर चट्टानें गिरने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। लोक निर्माण विभाग की टीमें यहां पर मार्ग बहाली के कार्य में लगी हुई हैं। इसके अतिरिक्त शिलारू-राओग, धारटुआ मकरोग, मंढाेड़घाट-जमोग, शिमलोह-मंढोड़घाट और गुम्मा-बोहर मार्ग पर भूस्खलन और डंगे गिरने के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। इसके अलावा थरोच-छाजपुर, फयाल-रामपुरी वाया मथोली, कनाह-अहनोग, पाहल-पनैल, देवीधार-भराड़ु, कार्टरोड-अनाडेल और कडारघाट से पलग संपर्क मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही नहीं हो रही है। हालांकि सभी सड़कों पर छोटे वाहनों की आवाजाही सुचारु रूप से हो रही है और मार्ग बहाली के लिए लोक निर्माण विभाग की टीमें लगातार काम कर रही हैं। विभाग के मुताबिक मार्ग बहाली के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।