हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला की सराजघाटी के सरोआ गांव में आसमानी बिजली गिरने से स्कूल से घर आ रहे जमा दो कक्षा के तीन छात्र गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
तीनों को ग्रामीणों की मदद से सोमवार दोपहर बाद जोनल अस्पताल मंडी में भर्ती करवाया गया। घायल छात्रों में हंसराज, चंदरमणी और होशियार सिंह बताए जा रहे हैं।
तीनों स्कूली छात्र सोमवार को स्कूल से छुट्टी होने के बाद जब घर जा रहे थे तो सरोआ के जंगल में आसमानी बिजली गिरने से जोर का धमाका हुआ। इससे तीनों छात्रों के सिर, मुंह और शरीर के अन्य अंगों में गहरी चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका इतना तेज था कि स्कूली छात्रों के कपड़े तक फट गए। छात्रों के अभिभावकों शंकरदास, नारायण सिंह और देवी राम ने बताया कि उनके बच्चे आसमानी बिजली गिरने के कारण गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं।
इन्हें जोनल अस्पताल मंडी में भर्ती करवाया है। एसडीएम दिलेराम धीमान ने घटना की पुष्टि की है।