बॉलीवुड फिल्म उड़ता पंजाब में हिमाचल के औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला को नशे का गढ़ दिखाकर छवि खराब करने को लेकर हिमाचल ड्रग फार्मा एसोसिएशन फिल्म के डायरेक्टर और प्रोड्यूसर को लीगल नोटिस जारी करेगी। फिल्म में इस शहर को नशे का गढ़ दिखाया गया है। इसके कई सीन भी है।
एचडीएमए के नवनियुक्त अध्यक्ष एमबी गोयल ने बददी में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बीबीएन के फार्मा उद्योगों में पूरी पारदर्शिता रखी जा रही है। सरकार भी औद्योगिक गतिविधियों का रिकॉर्ड रख रही है। कहा कि बीबीएन एशिया का नंबर वन फार्मा हब है।
इसकी छवि खराब करने का प्रयास फिल्म उड़ता पंजाब के माध्यम से किया गया है। एचडीएमए के उपाध्यक्ष मनीष ठाकुर, महासचिव राहुल बंसल, कोषाध्यक्ष संजय शर्मा ने कहा कि सरकार ने बीबीएनडीए के लिए एक सौ करोड़ का बजट मुहैया करवाया है।
इसके लिए एसोसिएशन सरकार का आभार व्यक्त करती है। सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए ऑनलाइन क्लीयरेंस, 45 दिन के निर्धारित समय में उद्योगों को मंजूरी, बिजली दरों में कटौती, लैंड बैंक का निर्माण जैसे बेहतरीन कार्य कर रही है। कहा कि उद्योगों की कुछ समस्याएं भी हैं। एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल जल्द मुख्यमंत्री से मिलेगा।