लोकसभा चुनावों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने सख्त निर्णय लिए हैं। मुख्यालय ने निर्देश जारी कर पुलिस कर्मियों की छुट्टियों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है।
इसके साथ ही पहले से छुट्टी पर गए पुलिस कर्मियों को बुलाने के भी निर्देश जारी कर दिए हैं। प्रदेश पुलिस के प्रवक्ता व एसपी कानून व्यवस्था खुशहाल शर्मा ने बताया कि चुनाव आयोग ने हिमाचल से 10 कंपनियां चुनावों के दौरान सुरक्षा ड्यूटी के लिए मांगी हैं।
साथ ही प्रदेश में भी चुनावों के दौरान करीब साढ़े बारह हजार पुलिस कर्मियों की तैनाती की जानी है। इसी को देखते हुए मुख्यालय की ओर से सभी एसपी को इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं।
शर्मा ने कहा कि पुलिस कर्मियों को संबंधित जिले के एसपी से ही विशेष परिस्थितियों में छुट्टी मिल सकेगी लेकिन इसके अलावा पुलिस कर्मियों को जिला छोड़ने की भी अनुमति नहीं होगी। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सभी पुलिस अधिकारियों को अब चुनाव आयोग से पूर्व में छुट्टी लेकर ही जिला छोड़ने की अनुमति होगी।