मणिमहेश के लिए मंगलवार को हेलीकॉप्टर उड़ानें शुरू होनी थी, लेकिन खराब मौसम के चलते इन्हें रद्द करना पड़ा। सोलन में एसपी के आवास में दरारें आने के बाद उसे खाली करवाया गया।
एसडीएम मनाली डॉ. अमित गुलेरिया ने कहा कि लाहौल के सिस्सू और कोकसर में फंसे सभी लोग सोमवार रात को मनाली पहुंच गए हैं। जबकि स्पीति के ग्रांफू-काजा सड़क पर भूस्खलन होने से बातल और छोटा दड़ा में करीब 300 वाहन फंसे हैं।
इसमें साउथ की मलयालम फिल्म की यूनिट भी शामिल है। उपायुक्त लाहौल-स्पीति केके सरोच ने कहा कि प्रशासन ओर बीआरओ की टीम मौके पर पहुंची है और फिल्म यूनिट ने बाहर आने से मना किया है।
यूनिट ने कहा कि वह सुरक्षित है और उन्हें किसी तरह की समस्या नहीं है और बुधवार सुबह वे स्वंय घाटी से बाहर निकलेंगे। उन्होंने कहा कि छोटा दड़ा से काजा तक सड़क बहाल हो गया है।
हिमाचल और उत्तराखंड की सीमा पर 18 अगस्त को जुब्बल और उत्तरकाशी के सनैल-आराकोट में फटे बादल में शिमला जिले के दो लोगों की मौत हुई है। इसमें नेपाली मजदूर संजोग निवासी सनैल जुब्बल और सुनील कुमार पुत्र जींदूराम निवासी मसली, चिड़गांव शामिल हैं।
बता दें कि इस क्षेत्र में बादल फटने से अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है। जिला हमीरपुर के सुजानपुर में ब्यास नदी में मंडी निवासी हरि सिंह (93) का शव बरामद हुआ।
दाे दिन मौसम साफ रहने के आसार
प्रदेश में बुधवार और वीरवार को भी मौसम साफ रहने के आसार हैं। मंगलवार को प्रदेश भर में धूप खिली रही। अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई।
भारी बारिश के बीच लाहौल स्पीति में फंसे कृषि मंत्री रामलाल मारकंडा मंगलवार को शिमला पहुंच गए। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उन्हें शिमला लाने को हेलीकॉप्टर भेजा था।
वह मंगलवार को हेलीकॉप्टर से शिमला पहुंचे। मारकंडा ने हेलीकॉप्टर भेजे जाने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में लोग फंसे हुए हैं। इन्हें निकाले जाने का काम चला हुआ है।
लोकसभा अध्यक्ष का दौरा रद्द
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला का हिमाचल प्रदेश विधानसभा का प्रस्तावित दौरा रद्द हो गया है। बिड़ला ने तय कार्यक्रम के अनुसार 21 अगस्त को शिमला आना था। उन्होंने बुधवार 11:30 बजे विधानसभा पहुंचना था, मगर उनके शिमला के तमाम कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।