बता दें, इससे पहले भी सुंदरनगर उपमंडल के जंगमबाग में भी इसी तरह का मामला सामने आया था, जिसमें सात लोगों की जान गई थी। उसके बाद अब इसी उपमंडल के निहरी इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों को काल का ग्रास बनना पड़ा है। एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी, डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र के अधिकतर मार्ग बंद पड़े हैं, जिस कारण घटनास्थल तक पहुंचने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। स्थानीय लोगों ने ही अपने स्तर पर सर्च और रेस्क्यू आपरेशन चलाकर लोगों को बाहर निकाला है। क्षेत्र में अभी भी रुक रुककर बारिश का दौर जारी है, जिस कारण बाकी राहत एवं बचाव कार्यों में दिक्कतें पेश आ रही हैं। पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने का खतरा बना हुआ है।
मौसम साफ होने के बाद लोगों को दोबारा गर्मी का अहसास होने लगा है। दोपहर के समय लोग गर्मी से बचते नजर आए। कुल्लू में मौसम साफ रहा। जिले में बंद सड़कों, बिजली व पानी की मूलभूत सुविधाओं को पटरी पर लाने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है।
21 सितंबर तक बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने राज्य के कुछ भागों में 21 सितंबर तक बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। रविवार रात को जोगिंद्रनगर में 56.0, पालमपुर में 48.0, पंडोह में 40.0, कांगड़ा में 34.0, नगरोटा सूरियां में 30.0, मंडी में 27.5, सराहन में 18.5, मुरारी देवी में 18.2, भरेड़ी में 17.6 और करसोग में 17.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
शिमला में बीती रात स्वयं बारिश की भयावहता को महसूस किया: सीएम
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि बीती रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने मंडी, हमीरपुर, शिमला सहित कई क्षेत्रों में भारी तबाही मचाई है। बारिश से जन-धन का भारी नुकसान हुआ है। प्रशासन को सभी प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश दिए हैं। कल रात शिमला में स्वयं इस बारिश की भयावहता को महसूस किया। सचमुच, यह हमारे प्रदेश के लिए बेहद कठिन समय है। मौसम की बदली परिस्थितियों ने तबाही का नया मंजर खड़ा कर दिया है, जिसे देखकर मन बेहद व्यथित है। हम सब मिलकर इस संकट को पार करेंगे। मौसम विभाग ने आज भी कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। आप सभी से निवेदन है कि प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित रहें।