बिजली की चोरी पकड़े जाने पर गुस्साए आरोपी ने बोर्ड के आउटसोर्स कर्मचारी से जमकर मारपीट की। आरोप है कि कर्मी को कमरे में बंद किया और वीडियो को डिलीट करने की कभी कोशिश की गई। मौके पर खूब हंगामा हुआ। कर्मचारी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी ने सभी आरोपों को सिरे से नकारा है। धर्मपुर में बिजली बोर्ड के आउटसोर्स कर्मचारी अजय ठाकुर ने शिकायत में कहा कि वह सात जुलाई को जोढन गांव में बिजली मीटर की रीडिंग लेने गया था। उसने देखा कि बिजली चोरी के लिए तारों में हेरफेर किया गया है। वह इसका वीडियो बनाने लगा। इतने में घर के मालिक ने उस पर हमला कर दिया। उसका फोन छीनने की कोशिश कर कमरे में बंद कर दिया। उसने इसके बारे में कनिष्ठ अभिंयता को भी मेसेज से सूचित किया।