मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि मंडी-पठानकोट फोरलेन के लिए जमीन अधिग्रहण का कार्य जल्द शुरू होगा। पपरोला आयुर्वेदिक संस्थान को आयुर्वेद एम्स का दर्जा दिलाया जाएगा। अब टांडा में आधुनिक मशीनों से कैंसर जैसी बीमारियों का इलाज संभव होगा। कांगड़ा के बैजनाथ में 50 करोड़ रुपये के शिलान्यास और उद्घाटन करने के बाद मेला ग्राउंड में जनसभा के दौरान सीएम ने कहा कि 40 प्रतिशत मतों के साथ दिल्ली में भाजपा का मत प्रतिशत बढ़ा है। ढाई प्रतिशत मत लेने वाली कांग्रेस 63 विधानसभा क्षेत्रों में जमानत तक नहीं बचा सकी है।
कहा कि इन्वेस्टर्स मीट पर हो हल्ला करने वाले नहीं जानते हैं कि देश के अन्य राज्यों में भी ऐसी मीट हुई हैं। प्रदेश में 96 लाख करोड़ में से साढ़े 13 हजार करोड़ के कार्य शुरू होने वाले हैं। सीएम बोले - हिमाचल मेरे पास है और मैं इसकी रक्षा करना जानता हूं। उन्होंने विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री पर तंज कसा - यह देव भूमि है, पंजाबी संस्कृति के बजाय ये नेता अपने जीवन को हिमाचली कल्चर में ढालने की कोशिश करें।
उन्होंने बीड़ बिलिंग को एशियन डेवलपमेंट बैंक के सहयोग से विकसित करने, बीड़ में पुलिस चौकी की स्थापना करने, आईपीएच का डिविजन शुरू करने, आयुर्वेद संस्थान में सभागार का निर्माण करने की घोषणा की। जनसभा को स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार व विधायक मुल्खराज प्रेमी ने भी संबोधित किया। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार, विधायक राकेश पठानिया, रमेश धवाला, रविंद्र धीमान, अरुण कूका, त्रिलोक कपूर, इंदु गोस्वामी, विनय शर्मा, घनश्याम शर्मा, भीखम कपूर, जिलाधीश प्रजापति और एसपी विमुक्त रंजन आदि उपस्थित थे।