रोहतांग के समीप ही मनाली जाने वाला एक टैंकर और एक एलपी ट्रक बर्फ के चलते चढ़ नहीं पाए। हालांकि, बीआरओ और बचाव दल ने सभी चालकों को सुरक्षित निकाल लिया है। इसके अलावा एक बोलेरो कैंपर रोहतांग टनल के नॉर्थ पोर्टल में फंस गई। उसे सुरंग से जाने नहीं दिया जा रहा है।
कोकसर बचाव चौकी के प्रभारी पवन ठाकुर ने बताया कि रोहतांग में बर्फबारी के कारण फंसे चारों चालकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। मंगलवार को भी लाहौल घाटी समेत रोहतांग, बारालाचा, कुंजुम, शिंकुला, घेपन पीक, शिगरी ग्लेशियर, कुलती नाला, शिती नाला और सीबी रेंज में दोपहर 12 बजे के बाद बर्फबारी का दौर जारी रहा।
इसके अलावा घाटी के रिहायशी इलाकों के कोकसर, सिस्सू, गोंधला, खंगसर, योचे, छीका, रारिक, जिला मुख्यालय केलांग, तांदी, गोशाल, मूलिंग और यांगला में हिमपात होता रहा। इससे लाहौल समेत कुल्लू में कड़ाके की ठंड बढ़ गई है। जनजातीय क्षेत्र में खराब मौसम और बर्फबारी से घाटी में बिजली की आंखमिचौनी भी जारी है।