शिमला शहर में तैनात पुलिस के दो ट्रैफिक कांस्टेबलों की बड़मैन के समीप कार हादसे में मौत हो गई। इनकी पहचान कांस्टेबल सुनील दत्त और महिला कांस्टेबल रंजना के तौर पर हुई है। कांस्टेबल सुनील दत्त एसपी कार्यालय में ट्रैफिक क्लर्क के तौर पर तैनात था। हादसा सोमवार शाम करीब चार बजे हुआ। कार सड़क से करीब 600 फीट नीचे जा गिरी।
मौके पर मौजूद लोगों की मदद से दोनों को खाई से निकाला गया लेकिन सुनील दत्त ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। रंजना को गंभीर चोटें आई थीं। इन्हें आईजीएमसी अस्पताल ले जाया गया लेकिन रास्ते में 108 एंबुलेंस खराब हो गई। दूसरी एंबुलेंस के मौके पर आने में काफी वक्त बर्बाद हो गया।
जब तक दूसरी एबुलेंस पहुंची तब तक रंजना की मौत हो चुकी थी। समय रहते रंजना को अस्पताल पहुंचा दिया जाता तो शायद जान बच जाती। पुलिस के मुताबिक कार बसंतपुर से शिमला की ओर आ रही थी। 18/2 के आगे कार अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर हो गई।
एंबुलेंस के आने में हुई देरी
मौके पर मौजूद लोग अपनी जान की परवाह न करते हुए घायलों की मदद के लिए खाई में उतर गए। तब तक सुनील दत्त की मौत हो चुकी थी। काफी मशक्कत के बाद रंजना को स़ड़क तक पहुंचाया गया। इसी दौरान एक जागरूक नागरिक ने 4 बजकर 19 मिनट पर 108 एंबुलेंस को कॉल किया लेकिन वह समय पर नहीं पहुंची। युवती की जान बचाने के लिए उसे उपचार की जरूरत थी लिहाजा उसे तत्काल एक टैक्सी में आईजीएमसी की ओर रवाना कर दिया गया।
टैक्सी चालक को दुर्गापुर के पास सामने से 108 एंबुलेंस आती दिखाई गई । एंबुलेंस को रोक कर घायल को उसमें शिफ्ट कर दिया गया। एंबुलेंस आईजीएमसी अस्पताल पहुंच पाती उससे पहले ही वह तारापुर के समीप बीच सड़क पर खराब हो गई। दूसरी एबुलेंस को मौके पर आने में एक घंटे से अधिक का समय लग गया।
इस बीच घायल ने दम तोड़ दिया। दूसरी एबुलेंस में लड़की को अस्पताल लाया गया लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डाक्टरों ने घायल को मृत घोषित कर दिया। उधर एसपी शिमला डी डब्ल्यू नेगी ने कहा कि हादसे में दो ट्रैफिक कांस्टेबलों की मौत हो गई है। इनमें एक महिला कांस्टेबल भी शामिल है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
साबुन बनाने वाली कंपनी में हादसा
हिमाचल के सोलन जिले के गुरु माजरा में साबुन बनाने वाली एक कंपनी की दीवार गिर गई। इसके नीचे दबने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए हैं। हादसे के वक्त मजदूर अपने कमरों के बाहर धूप सेंक रहे थे। अचानक मलबा उन पर गिर गया। जख्मी हालत में घायलों को बद्दी सीएचसी में भर्ती किया गया।
तीन की हालत काफी नाजुक बनी हुई है। इन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फैक्टरी संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया है। पुलिस के मुताबिक हादसा सोमवार दोपहर 12 बजे हुआ। साबुन बनाने वाली फैक्टरी के साथ निजी व्यक्ति के छह कमरे हैं।
गिरी दीवार और कमरों के बीच दस फीट का फासला है। खाली जगह में कामगार धूप सेंकने के साथ बाहर खाना भी बना रहे थे। दीवार के नीचे दबने से पहले कमरे के बाहर बैठे खरबला, हरियाणा के सुनील कुमार (25) की मौके पर मौत हो गई।
फैक्ट्री संचालकों के खिलाफ केस : एसपी
हिसार जिले के लाडनपुर गांव के मुकेश (23), नारनोल गांव के कुलदीप (24) और अमोट गांव के अनिल (24) तथा प्रवीण (22) दब गए। दूसरे कमरे में बिहार के पूर्णिया जिले के जयमरा निवासी वीर कुमार, नितेश और रतनेश थे। वीर कुमार मलबे में दब गया। दीवार गिरने की आवाज सुनकर लोग एकत्रित हो गए।
उन्होंने मलबा हटाकर कामगारों को निकाला। वीर सिंह, मुकेश, कुलदीप और अनिल को बेहोशी की हालत में 108 एंबुलेंस से बद्दी सीएचसी लाया गया। यहां इनका उपचार चल रहा है। सभी कामगार आइसोलायड कंपनी में काम करते हैं। एसपी बिशेर सिंह ने बताया कि पुलिस ने फैक्टरी संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों को बद्दी सीएचसी में उपचार चल रहा है। सीएचसी में तैनात चिकित्सक डा. शौरी ने बताया कि तीनों कामगारों की टांगों में फ्रेक्चर है। इसके चलते उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया है।
डैम से बरामद हुई कंप्यूटर इंजीनियरिंग छात्रा की लाश
सरोल (चंबा)। रावी नदी के तट से ग्यारह दिसंबर को गायब हुई पॉलीटेक्निकल कॉलेज सरोल चंबा की छात्रा नीतिका का शव सोमवार को शालीमार नामक स्थान पर चमेरा डैम से बरामद हुआ है। पुलिस को सोमवार सुबह किसी ने सूचना दी कि शालीमार में चमेरा जलाशय में एक शव तैर रहा है।
इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जब जायजा लिया तो पता चला कि यह शव हाल ही में रावी नदी से लापता हुई छात्रा का पाया गया। पुलिस शव को जलाशय से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय चिकित्सालय चंबा ले आई है, जहां से छात्रा के परिजनों को भी इसकी सूचना दे दी गई है। छात्रा के शव का पोस्टमार्टम मंगलवार को किया जाएगा जिसकी रिपोर्ट आने पर ही उसके मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।
फिलहाल मौके पर गए जांच अधिकारी एसएचओ चंबा थाना दिनेश कुमार ने बताया कि छात्रा के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। प्राथमिक दृष्टि से ऐसा लग रहा है कि डूबने से ही इसकी मौत हुई है। फिलहाल पुलिस ने भादंसं की धारा 174 के तहत मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
मामले में कब क्या हुआ
11 दिसंबर को कंप्यूटर इंजीनियरिंग कर रही मलां की नीतिका अपने पीजी से
बदहवास हालत में निकली थी। इसके बाद रावी तट से उसकी चप्पल और स्वेटर पुलिस
ने बरामद किए। पुलिस ने नीतिका के अभिभावकों, उसके दोस्तों और पीजी संचालक
से पूछताछ की लेकिन कोई बड़ा सुराग हाथ नहीं लगा।
अभिभावकों के दबाव न
बनाने के बाद पुलिस ने छात्रा की तलाश बंद कर दी लेकिन सोमवार को घटना के
करीब दस दिन बाद डैम से लाश खुद ही बाहर आ गई। डीएसपी चंबा हेडक्वार्टर वीर बहादुर सिंह ने बताया कि मामला काफी संगीन है। प्राथमिक दृष्टि से यह आत्महत्या का मामला लग रहा है लेकिन शीघ्र इस दिशा में जांच की जाएगी। इसके लिए कई लोगों से पूछताछ भी की जा सकती है।
विवाहिता ने जहरीला पदार्थ निगला, मौत
हमीरपुर। हमीरपुर जिले के ख्याह में एक विवाहिता ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली है। गंभीर हालत में महिला को क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया था। यहां प्राथमिक उपचार के बाद विवाहिता को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। टांडा में देर रात महिला ने दम तोड़ दिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा लिया है।
ऊषा कुमारी (34) पत्नी विजय कुमार निवासी ख्याह ने रविवार दोपहर बाद कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। ऊषा के बच्चों ने करीब दो बजे उसे बाथरूम में बेहोश पड़े देखा। शोर मचाने पर परिजनों ने ऊषा को प्राथमिक उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत में महिला को टांडा अस्पताल रेफर किया गया। यहां देर रात ऊषा देवी ने दम तोड़ दिया है।
पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवा कर शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। हालांकि पुलिस को घटनास्थल पर कोई नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ है। थाना प्रभारी प्रकाश चंद शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
पहाड़ी से गिरकर व्यक्ति की मौत
बड़सर (हमीरपुर)। हमीरपुर जिले की झंझयाणी पंचायत के गांव मसलाना खुर्द में एक व्यक्ति की पहाड़ी से गिरने से मौत हो गई। रमेश चंद सुबह जंगल में लकड़ियां लाने जा रहा था लेकिन घने कोहरे में विजीविल्टी कम होने पर खाई में जा गिरा। उसे शाहतलाई स्थित अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। व्यक्ति गरीब परिवार से सबंधित था।
पिछले वर्ष बीमारी के कारण उसकी पत्नी की मौत हो गई थी। रमेश अपने पीछे सात साल की बेटी दीक्षा को छोड़ गया। ग्रामीणों राकेश कुमार, जीवन कुमार, सुमन कुमार, किशोरी लाल, लखवीर सिंह ने अनाथ लड़की की सहायता करने की मांग की है। झंझयाणी पंचायत प्रधान सुनीता कश्यप ने प्रशासन से अनाथ लड़की की सहायता करने का आग्रह किया है।
ट्रक की टक्कर से मजदूर की मौत
मंडी। मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर थलौट के समीप एक अज्ञात ट्रक की टक्कर से एक मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद मौके से चालक ट्रक समेत फरार हो गया। घायल का साथी उसे जोनल अस्पताल ले आया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक थलौट में मजदूरी का कार्य करता था।
पुलिस के अनुसार एनएच-21 पर रविवार शाम करीब सात बजे मान बहादुर पुत्र धन बहादुर निवासी रक्षबर डाकघर थुलाबिशी तहसील खलांगा जिला पौथन आंचल रत्ती नेपाल व उसका साथी मजदूर प्रेम बुद्धा पुत्र चंद्र सिंह बुद्धा निवासी कुसम बाजार तहसील गुलेरिया जिला बादरिया आंचल नेपाल काम समाप्ति के बाद थलौट बाजार निजी सामान खरीदने गए थे।
थलौट बाजार से करीब 500 मीटर की दूरी पर पहुंचने पर मंडी की तरफ से एक बस और एक ट्रक कुल्लू की तरफ से आया। एक-दूसरे को क्रॉस करते समय ट्रक ने प्रेम बुद्धा को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। टक्कर से प्रेम बुद्धा घायल होकर सड़क पर गिर गया। उसे जोनल अस्पताल मंडी ले आया।
जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में एसआई प्रीतम सिंह जांच कर रहे हैं। इधर, एसएचओ औट लोकेंद्र नेगी ने बताया कि अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध आईपीसी की धारा 279, 404ए के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं, एसपी मंडी प्रेम कुमार ठाकुर ने कहा कि मामले में जांच जारी है।