हत्या के मामले में भी फरार चल रहा है था आरोपी संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। राजधानी के छोटा शिमला थाना क्षेत्र में एक संगीन मामला सामने आया है। यहां एक ठेकेदार पर अपने पास काम करने वाले मजदूर के साथ मारपीट करने और उस पर तेजधार हथियार से गंभीर हमला करने का आरोप है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, कोर्ट नंबर एक शिमला प्रतिभा नेगी की अदालत में यह मामला पेश किया गया। छोटा शिमला थाने में दर्ज एफआईआर के अनुसार घटना 19 जुलाई की शाम करीब 6:30 बजे की है। आरोप है कि ठेकेदार राजवीर ने अपने यहां मजदूर के तौर पर काम करने वाले महेश कुमार की जमकर पिटाई की। इस दौरान महेश कुमार को तेजधार हथियार से गंभीर चोटें पहुंचाई गईं। सुनवाई के दौरान छोटा शिमला थाना पुलिस की ओर से आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए आवेदन दिया गया। पुलिस ने अदालत को बताया कि जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी राजवीर उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के पिनाहट थाने में दर्ज एक अन्य हत्या के मामले में भी भगोड़ा चल रहा है। पुलिस ने आशंका जताई कि यदि आरोपी को जमानत मिलती है तो वह दोबारा फरार हो सकता है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और पुलिस फाइल का अवलोकन करने के बाद अदालत ने अपराध की प्रकृति एवं गंभीरता तथा आरोपी के एक अन्य हत्या के मामले में भगोड़ा होने के तथ्य को ध्यान में रखा। अदालत ने पुलिस के आवेदन को स्वीकार करते हुए आरोपी को 2 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अदालत ने निर्देश दिए हैं कि निर्धारित तिथि को सुबह 10:00 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आरोपी को अदालत में पेश किया जाए।