फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शिमला: कुमारसैन में महिलाओं से आभूषण झपटने वाला आरोपी गिरफ्तार, आंखों में मिर्च डालकर करता था वारदात

Tue, 06 Oct 2026 02:19 PM IST
Ankesh Dogra न्यूज डेस्क, अमर उजाला नेटवर्क, शिमला

सार

शिमला के कुमारसैन क्षेत्र में सुनसान रास्तों पर महिलाओं को निशाना बनाकर आभूषण झपटने के तीन मामलों का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने जम्मू-कश्मीर के डोडा निवासी 26 वर्षीय जेल सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी पहले महिलाओं और घटनास्थल की रेकी करता था और फिर आंखों में मिर्च पाउडर डालकर आभूषण छीनकर फरार हो जाता था।

विज्ञापन
एएसपी मेहर पंवार जानकारी देते हुए। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सुनसान रास्तों पर महिलाओं की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर सोने के आभूषण झपटने की तीन वारदातों को शिमला पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने मामले में 26 वर्षीय जेल सिंह पुत्र करण सिंह निवासी जिला डोडा, जम्मू-कश्मीर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात को अंजाम देने से पहले इलाके और महिलाओं की आवाजाही की रेकी करता था।

विज्ञापन




कुमारसैन थाने में इस संबंध में तीन अलग-अलग मामले दर्ज थे। 31 अगस्त को जुब्बड़ के पास सीमा देवी की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर उनके दोनों कानों की बालियां झपट ली गई थीं। इसके बाद 14 सितंबर को कण्डयाली के पास सुनो देवी को इसी तरीके से निशाना बनाया गया और उनकी सोने की बालियां छीन ली गईं। वहीं, 26 सितंबर को एक ढाबे में अकेली कनकु की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर आरोपी उसका मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गया था।
विज्ञापन


तीनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस को वारदातों में एक जैसी कार्यप्रणाली नजर आई। पुलिस के अनुसार आरोपी कई दिन पहले से इलाके की रेकी करता था। वह महिलाओं की आवाजाही पर नजर रखता और ऐसे रास्ते का इंतजार करता था, जहां महिला अकेली हो। मौका मिलते ही वह आंखों में मिर्च पाउडर डालकर महिला को असहाय कर देता और उसके पहने हुए सोने के आभूषण झपट लेता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी सीसीटीवी कैमरों की नजर से बचने के लिए सुनसान रास्तों और पगडंडियों को चुनता था। तीनों मामलों को आपस में जोड़कर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

Trending Videos
विज्ञापन

जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की लोकेशन नूरपुर में मिली। इसके बाद नूरपुर पुलिस के साथ समन्वय कर आरोपी को 5 अक्तूबर को हिरासत में लिया गया और कुमारसैन लाया गया। पुलिस के अनुसार तीनों मामलों की शिकायतकर्ताओं ने भी आरोपी की पहचान की है। जांच में आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ थाना सिहुंता, जिला चंबा में 5 मार्च 2026 को धारा 304(2) बीएनएस के तहत स्नैचिंग का मामला दर्ज है। आरोपी को अब न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें