कुल्लू-पंडोह और बजौरा-कमांद सड़क भारी बारिश और भूस्खलन के चलते बंद होने के कारण गुरुवार को भुंतर एयरपोर्ट से वायुसेना के हेलिकाप्टर में नौ साल की बच्ची समेत कुल चार मरीजों को चंडीगढ़ भेजा गया।
हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू का देश-दुनिया से संपर्क पिछले 32 घंटों से कटा हुआ है। कुल्लू-पंडोह और बजौरा-कमांद सड़क भारी बारिश और भूस्खलन के चलते बंद होने के कारण गुरुवार को भुंतर एयरपोर्ट से वायुसेना के हेलिकाप्टर में नौ साल की बच्ची समेत कुल चार मरीजों को चंडीगढ़ भेजा गया।
विज्ञापन
एक पुरुष और दो महिला मरीजों को कुल्लू अस्पताल से 23 अगस्त को ही पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया था। सड़क बंद होने के कारण इन मरीजों को चंडीगढ़ पहुंचाने के लिए प्रशासन की ओर से वायुसेना से हेलिकाप्टर की मांग की गई थी। वीरवार सुबह दस बजे के बाद जैसे ही मौसम खुला तो एंबुलेंस से पहले इन मरीजों को भुंतर एयरपोर्ट पहुंचाया गया, जहां से हेलिकॉप्टर से पीजीआई भेजा गया।
गौर रहे कि कुल्लू और मंडी के बीच सड़कें बंद होने से कुल्लू में लोगों की परेशानी बढ़ गई है। लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अश्विनी कुमार ने कहा कि बजौरा-मंडी कमांद सड़क को दुरुस्त करने का कार्य संबंधित विभाग कर रहा है। एसपी साक्षी वर्मा ने कहा कि बजौरा-कमांद सड़क तीन से चार तक मीटर तक सड़क धंस चुकी है। ऐसे में सड़क बहाल होने में समय लग सकता है। लोग अनावश्यक यात्रा करने से बचें।