ब्यास नदी में 9 जुलाई को प्रलंयकारी बाढ़ से तहस-नहस हुआ कुल्लू-मनाली हाईवे-3 77 दिन बाद डबललेन हो गया है। एनएचएआई ने शनिवार से हाईवे तीन पर वाहनों की दोतरफा आवाजाही शुरू कर दी।
फिलहाल सड़क कच्ची होने के कारण वाहनों में हिचकोलों से छुटकारा नहीं मिल पाएगा। सड़क डबललेन होने से वोल्वो बसों के जल्द मनाली तक पहुंचने की उम्मीद है। इसके बाद मनाली का पर्यटन कारोबार भी पटरी पर लौट सकेगा। गौरतलब है कि 9 और 10 जुलाई को ब्यास में बाढ़ के कारण हाइवे जगह-जगह से टूट गया था। बाद में अस्थायी सड़क बनाकर यातायात को एकतरफा किया गया।
इससे आलूग्राउंड, 18 मील, क्लाथ, पतलीकूहल, रायसन में बारी-बारी वाहन भेजे जा रहे थे। खैर शनिवार को सड़क डबललेन कर दी गई है। एनएचएआई ने सड़क चौड़ा करने के लिए दिनरात कार्य किया। सड़क को पुनः बनाने के लिए रात को 11:00 से सुबह छह बजे तक जबकि दिन को सुबह 11:00 से दो बजे तक सड़क पतलीकूहल तक यातायात के लिए बंद की जाती थी। अब सड़क पर दोनों तरफ से वाहन चलने शुरू हो गए हैं। हालांकि पतलीकूहल में कुछ हिस्से में सड़क सिंगल लेन ही है।
इसे रविवार सुबह तक ठीक कर दिया जाएगा।रायसन में फिलहाल एलपीएस के पुराने भवन से होकर जाने वाली पुरानी सड़क ही डबललेन हुई है। शिरड रिजॉर्ट से सीधा रायसन पुल तक सड़क को दुरुस्त करने का काम जारी है। एनएचएआई के रेजिडेंट इंजीनियर अशोक चौहान ने बताया कि सड़क डबललेन कर दी है। कुछ जगह आ रही दिक्कत को भी जल्द दूर किया जाएगा।
ट्रेवल एजेंट एसोसिएशन का सकारात्मक आंदोलन भी लाया रंग
सड़क का काम धीमा होने से पर्यटन कारोबारी मायूस थे। ट्रेवल एजेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष बुद्धि प्रकाश ने सकारात्मक आंदोलन छेड़ते हुए श्रमदान शुरू किया। आठ लोगों से शुरू हुआ श्रमदान में कुछ ही दिनों में 100 से अधिक लोग जुड़ गए। करीब 120 मीटर क्रेटवाल श्रमदानियों ने लगाई। इसके बाद एनएचएआई ने भी काम में तेजी लाई।
पर्यटन कारोबाकी खुश
पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि सड़क अभी भले ही कच्ची है। लेकिन डबललेन होने से वोल्वो बस भी मनाली तक पहुंचने की उम्मीद है। इसके बाद पर्यटन कारोबार पटरी पर लौटेगा। फेडरेशन ऑफ होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन हिमाचल के अध्यक्ष गजेंद्र ठाकुर, होटलियर एसोसिएशन मनाली के उपाध्यक्ष रोशन ठाकुर कहना है कि सड़क डबललेन होने से पर्यटन कारोबार बढ़ने की उम्मीद है। अब इस सड़क को पक्का करने का कार्य भी तेज गति से होना चाहिए।