अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा में आए देवी-देवताओं की नजराना राशि को पांच फीसदी बढ़ाया गया है। इसके अलावा बाह्य सराज से आने वाले देवी-देवताओं को मिलने वाले दूरी भत्ते में भी पांच प्रतिशत की वृद्धि की है। यह घोषणा सोमवार को कलाकेंद्र में कुल्लू दशहरा के समापन पर पधारे मुख्यातिथि विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने की। उन्होंने देवी-देवताओं के बजंतरियों का मानदेय भी 10 प्रतिशत बढ़ाने का एलान किया।
उन्होंने कहा कि कुल्लू दशहरा जिले के ऐतिहासिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आस्थाओं का अनूठा संगम है। इस बार हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक आपदा से कुल्लू और मनाली में बहुत नुकसान हुआ है। ऐसे लगता था कि हम इस प्राकृतिक आपदा से कैसे उबरेंगे, लेकिन मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की दृढ़ इच्छाशक्ति से हम इससे उबरने में सफल हुए हैं। प्रदेश सरकार ने आपदा की इस घड़ी में प्रभावित लोगों को हरसंभव राहत प्रदान करने का पूर्ण प्रयास किया है।
लालचंद कलाकेंद्र में बनेगी फोल्डिंग छत
ऐतिहासिक लालचंद्र प्रार्थी कलाकेंद्र ढालपुर में फोल्डिंग छत का निर्माण होगा। इसको लेकर जिला प्रशासन एक प्रस्ताव तैयार करेगा। इसे सरकार को भेजा जाएगा। यह बात कुल्लू दशहरा के समापन पर दशहरा उत्सव समिति के अध्यक्ष एवं सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर ने सोमवार को कही। उन्होंने कहा कि छत आधुनिक होगी, चाहे इस पर खर्चा 50 करोड़ ही क्यों न आ जाए। यह छत बारिश में बंद और साफ मौसम में खुल जाएगी। इससे रात 10 बजे तक चलने वाले कार्यक्रमों में राहत मिलेगी। कुल्लू जिला अपनी समृद्ध संस्कृति के लिए देशभर में जाना जाता है। इस वर्ष कुल्लू दशहरा को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप देने के लिए भरसक प्रयास किए गए।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार कुल्लू दशहरा को भव्यता प्रदान की गई। इस वर्ष 15 अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक दल शामिल हुए। इस दौरान सांसद प्रतिभा सिंह, मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने भी संबोधित किया। इससे पहले उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने मुख्य अतिथि तथा अन्य गण्यमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। उन्होंने सात दिवसीय दशहरा उत्सव के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों के बारे में भी जानकारी दी। इस अवसर पर एपीएमसी के अध्यक्ष मियां राम सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष पंकज परमार, नगर परिषद कुल्लू के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सेस राम आजाद, महिला कांग्रेस अध्यक्ष अरुणा ठाकुर आदि मौजूद रहे।