कार्निवाल को लेकर डीसी की अध्यक्षता में बैठक हुई।
- फोटो : संवाद
कोरोना काल में ठप हो चुके कारोबार को गति देने और पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए हिमाचल प्रदेश के मनाली के बाद अब पहली बार कुल्लू कार्निवाल भी होगा। उद्यमियों, व्यापारियों, दस्तकारों, शिल्पकारों व पर्यटन कारोबारियों के लिए पहली बार ढालपुर मैदान में आयोजन होगा। 10 दिन तक चलने वाले इस आयोजन का शुभारंभ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 21 मार्च को करेंगे, जबकि समापन 30 मार्च को होगा। उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने बताया कि ढालपुर मैदान में बड़े स्तर पर क्रॉफ्ट बाजार सजेगा। इसमें 100 से अधिक स्टॉल होंगे।
इनमें देश के विभिन्न क्षेत्रों समेत प्रदेश के कारोबारियों को बिक्री के लिए मंच प्रदान होगा। जिले के सभी विकास खंडों से चयनित 25 स्वयं सहायता समूह स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित करेंगे। इसके अलावा हस्तकला क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न राज्यों की नेशनल स्तर की विजेता संस्थाओं को भी बुलाया जाएगा। इस दौरान 25 फूड कोर्ट में लोग स्थानीय तौर पर तैयार किए गए विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद चख सकेंगे। उपायुक्त ने कहा कार्निवाल का उद्देश्य जिला की समृद्ध लोक संस्कृति और हस्तशिल्प व हथकरघा को प्रोत्साहन प्रदान करने के साथ-साथ पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
फैशन-शो होगा प्रथम संध्या का मुख्य आकर्षण
इस कार्निवाल की पहली संध्या में फैशन शो का आयोजन होगा। इसके लिए राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न राज्यों के परिधानों को प्रदर्शित किया जाएगा। 9 मार्च को कुल्लू के अटल सदन में दोपहर एक बजे स्थानीय मॉडल के चयन के लिए ऑडिशन होंगे। विजेता मॉडल को 10 हजार का नकद पुरस्कार मिलेगा।
सांस्कृतिक संध्याएं लगाएगी चार-चांद
कार्निवाल के दौरान सांस्कृतिक संध्याएं चार चांद लगाएंगी। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों के श्रेष्ठ सांस्कृतिक दलों को प्रस्तुतियों देने के लिए बुलाया जाएगा। पहली संध्या में 21 मार्च को कुल्लू सहित चार सांस्कृतिक दलों की प्रस्तुतियां होंगी। इनका आयोजन भाषा एवं संस्कृति विभाग के माध्यम से अटल सदन में होगा।