प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने बिलासपुर में प्रस्तावित एम्स भूमि पूजन को चुनावी हथकंडा बताया है। उन्होंने कहा कि चार साल पहले बड़े जोरशोर से पीएम मोदी के हाथों करवाए गए शिलान्यास के बाद अब भूमि पूजन कोई मायने नहीं रखता।
लोकसभा चुनावों में भाजपा को बड़ी हार का मुंह देखना पड़ेगा। इस बार चारों सीटों पर कांग्रेस को जीत मिलेगी। प्रदेश सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि यहां भी सब हवा हवाई बातें हो रही हैं। एक साल के कार्यकाल में जमीन पर अभी तक कुछ नहीं हुआ है।
प्रदेश के लोगों का इनसे मोह भंग हो चुका है। राठौर ने कहा कि देश में पीएम मोदी ने जो चुनावी वायदे किए थे, वह आज दिन तक पूरे नहीं हुए। बगैर सोचे समझे नोटबंदी से देश की अर्थव्यवस्था अस्त-व्यस्त हो गई।
दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वायदा भी पूरा नहीं हुआ। जीएसटी की मार ने छोटे कारोबार बंद करवा दिए। चुनावों के समय रोल बैक कर इसमें छूट देकर छलावा किया जा रहा है।