प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि हिमाचल में कोरोना भयंकर रूप धारण चुका है। सरकार इसे गंभीरता से नहीं ले रही है। प्रदेश में अभी तक 30740 केस आ चुके हैं, जिनमें 6778 एक्टिव मामले हैं। पिछले तीन दिन में ही प्रदेश में 1410 नए मामले आए हैं। 37 लोगों की मौत हुई है। वर्तमान स्थिति पर कांग्रेस ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। इसमें कोरोना से निपटने को सरकार से आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई है।
पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में राठौर ने कहा कि सरकार के बनाए कोविड सेंटर पूरी तरह भर चुके हैं। मरीजों को दूसरे वार्डों में भेजा जा रहा है। इससे संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा चुकी हैं। आईजीएमसी में 2 डॉक्टर 100 मरीजों की देखरेख कर रहे हैं। रिपन अस्पताल में भी डॉक्टरों की कमी है। कोविड सेंटरों में मरीजों के लिए कोई सुविधा नहीं है। उपकरणों की कमी है। कहा कि शादी-विवाह जैसे कार्यक्रमों में 100 से अधिक लोग शामिल नहीं होंगे और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में भारी जनसमूह एकत्रित कर सरकारी आदेशों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर की जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र में सार्वजनिक मंच एक-दूसरे पर की गई छींटाकशी पर कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं नादौन के विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कहा कि प्रदेश की जयराम सरकार अपनी ही पार्टी के दो बार के मुख्यमंत्री के बेटे, चार बार के सांसद और मोदी सरकार में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर की बात नहीं सुन रही है।
अनुराग सिंह ठाकुर को जयराम सरकार में अपने काम न होने का रोना सार्वजनिक मंच पर रोना पड़ रहा है तो आम जनता और विपक्षी नेताओं के साथ इस प्रदेश सरकार द्वारा कैसा व्यवहार किया जा रहा होगा। इस प्रकरण से प्रदेश की जयराम सरकार भी बेनकाब हुई है। विधायक सुक्खू ने बताया कि केंद्रीय विश्वविद्यालय देहरा तत्कालीन कांग्रेस की यूपीए सरकार की देन है। लेकिन, भाजपा की केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से किए गए सौतेले व्यवहार के कारण विकास कार्य अधर में लटक गए।
केंद्रीय विश्वविद्यालय देहरा भी उनमें से एक है। भाजपा की ओर से डबल इंजन की सरकार बताकर विकास कार्य करवाने के झूठे सब्जबाग जनता को दिखा कर वोट लिए गए। आज नए कार्य स्वीकृत करना तो दूर पुराने कार्यों को भी अमलीजामा तक इस भाजपा सरकार ने नहीं पहनाया है। आज इनके ही केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने स्वयं ही सार्वजनिक मंच पर जयराम सरकार की पोल खोल दी है।