प्रदेश कांग्रेस के महासचिव रजनीश किमटा ने कहा है कि अगर प्रदेश सरकार शिमला दुष्कर्म मामले को दबाने का प्रयास करेगी तो कांग्रेस हाईकोर्ट जाएगी। उन्होंने कहा कि बीते दिनों शिमला में एक युवती से हुई शर्मनाक घटना भाजपा सरकारी की नाकामी है।
जिस प्रकार सरकारी अमले ने इस मामले को दबाने की कोशिश की है, वो शर्मनाक है। यह भाजपा का दोहरा चरित्र दर्शाता है। महासचिव रजनीश किमटा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का मानना है कि ऐसी घटनाओं पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
न ही इस पर कोई लीपापोती स्वीकार्य है। दोषियों को बक्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि साल 2017 में हुए गुड़िया प्रकरण का भाजपा ने राजनीतिकरण किया था।
कांग्रेस इस तरह कि घटिया राजनीति नहीं करती है। भाजपा के स्टार प्रचारकों पर तंज कसते हुए कहा है कि गर्मियों में हिमाचल का मौसम सुहाना होता है, ऐसे में चुनावों की थकान मिटाने और स्वास्थ्य लाभ लेने के लिए भाजपा नेता यहां आ रहे हैं।
उन्होंने कहा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी स्वास्थ्य लाभ लेने शिमला और सांगला आए थे। उन्होंने कहा कि हिमाचल को दिए गए 69 नेशनल हाइवे की घोषणा भी महज जुमलेबाजी साबित हुई है।