1.14 करोड़ से बना है पंचायत भवन का लोकार्पण संवाद न्यूज एजेंसी शिमला। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंगलवार को शिमला ग्रामीण की पंचायत कोट में 1.14 करोड़ रुपये से बने पंचायत भवन का लोकार्पण किया। इस मौके पर सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत मंत्री ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं।
मंत्री ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए ओपन जिम का निर्माण किया जाएगा। पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वह पंचायत क्षेत्र में जिम स्थापित करने के लिए जमीन तलाश करें। शोघी क्षेत्र में एक लाइब्रेरी बनेगी। शोघी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य जारी है जिस पर पहले 6.5 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। ट्रॉमा सेंटर और अन्य मांगों को देखते हुए अब इस सेंटर पर 23 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। मंत्री ने कहा कि कोट पंचायत के लिए पिछले तीन सालों के दौरान 21 कार्यों के लिए 24 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। 6.5 करोड़ रुपये खर्च कर विधायक प्राथमिकता के तहत चौरी घाटी-यान संपर्क सड़क बनाई गई है। यह सड़क फोरलेन निर्माण के कारण प्रभावित हुई है और इसे ठीक करने के लिए फोरलेन प्रबंधन को कहा है। शोघी से साधुपुल बाया कनेची ओहर संपर्क सड़क को नाबार्ड के तहत निर्मित किया जाएगा। 5 करोड़ की राशि राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय के माध्यम से इस क्षेत्र की सिंचाई योजनाओं के निर्माण के लिए स्वीकृत करवाई है।
लोगों ने उठाईं फोरलेन निर्माण से आ रही परेशानियां
स्थानीय लोगों ने फोरलेन निर्माण के कारण हो रहे नुकसान और परेशानियां मंत्री के सामने उठाईं। मंत्री ने कहा कि पेयजल स्त्रोतों, मकान में आईं दरारों, रास्तों के निर्माण, बिजली और पानी की व्यवस्था को दुरुस्त रखने समेत अन्य परेशानियों के लिए फोरलेन अधिकारियों के साथ बैठकें की जा रही हैं। यह फोरलेन निर्माण इस क्षेत्र के ग्रामीणों की जमीन अधिग्रहण कर किया जा रहा है। इसलिए फोरलेन अधिकारियों को एमओयू के आधार पर स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के लिए निर्देश दिए। पंचायत कोट की प्रधान नेहा मेहता ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। मंत्री ने कोट पंचायत क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए छह लाख देने की घोषणा की। इस अवसर पर पूर्व विधायक सोहन लाल, जिला परिषद सदस्य संतोष शर्मा, बीडीसी सदस्य सुनीता ठाकुर, कैलाश फेडरेशन के निदेशक ललित शर्मा, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष रामकिशन शांडिल और पूर्व बीडीसी अध्यक्ष ईश्वर रोहाल समेत अन्य लोग भी मौजूद रहे।