धर्मपुर के तनियार ग्राम पंचायत के हियुन-बल्ह में किसान सभा सदस्य विभिन्न मुद्दों पर बैठक कर चर
धर्मपुर (मंडी)। टिहरा क्षेत्र के तनियार के हियुन-बल्ह के एक दर्जन अनुसूचित जाति के परिवारों को जमीन देने का मुद्दा सरकार के समक्ष उठाया जाएगा। हिमाचल किसान सभा धर्मपुर 20 मार्च को जमीन से बेदखली की मुहिम रोकने के लिए शिमला विधानसभा में प्रदर्शन करेगी।
सभा के खंड अध्यक्ष रणताज राणा, अधिवक्ता अनिल कटवाल, रंगीला राम, हरिनंद, दुर्गादास सकलानी, महावीर, इंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह ने बताया कि इस मुद्दे पर पूर्व जिला पार्षद भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में अलग-अलग क्षेत्रों में प्रभावितों के साथ बैठकें की जा रही हैं।
भूपेंद्र सिंह ने बताया कि प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री को मांगपत्र सौंपा जाएगा और सरकार से सरकारी भूमि संबंधित किसानों के नाम करने के लिए नीति बनाने की मांग की जाएगी। वर्ष 1980 में बने वन संरक्षण कानून के बाद स्थिति जटिल हो गई है। इस कारण सारी जमीन अब केंद्र सरकार के अधीन हो गई है और राज्य सरकार किसी को जमीन नहीं दे सकती है। इसलिए किसान सभा वन संरक्षण कानून में संशोधन करने की मांग उठा रही है। सरकार से मांग है कि प्रभावितों को जमीन के बदले जमीन और मकान के बदले मकान दिया जाए।
भूपेंद्र ने कहा कि राष्ट्रीय उच्च मार्ग के निर्माण कार्य में कंपनी की मनमर्जी पर रोक लगाई जाए। गलत तरीके से की जा रही कटिंग से बहुत से लोगों के घरों, गोशालाओं में दरारें आ गई हैं। भूमि का कटाव हो रहा है। पाड़छु से आगे टौरी नाले की ओर अनियंत्रित ब्लास्टिंग से दर्जनों घरों को नुकसान हुआ है जिसका मुआवजा दिया जाना चाहिए।
000