नेरचौक (मंडी)। अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव के बाद जनपद के आराध्य देव कमरुनाग बल्ह घाटी से अपने मूल स्थान की तरफ रवाना हुए हैं। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालु बड़ादेव से आशीर्वाद ले रहे हैं। मेहमाननवाजी के लिए भी बुला रहे हैं। मंगलवार को बल्ह घाटी के ग्राम देवता देव सत बाला कामेश्वर ने अपने पिता बड़ादेव कमरुनाग से भावनात्मक मिलन किया। पिता-पुत्र का मिलन देख घाटी के हजारों लोग भाव विभोर हो उठे। मान्यता के अनुसार देव सत बाला कामेश्वर बड़ादेव कमरुनाग के सबसे छोटे पुत्र हैं। इनका नेर धार में मंदिर कमेटी और श्रद्धालुओं के सहयोग से भव्य मंदिर बनाया गया है। पिता-पुत्र का भव्य मिलन देख श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए।
देव बाला कामेश्वर के पुजारी निशु शर्मा ने बताया कि बड़ादेव कमरुनाग और सत बालाकामेश्वर मंगलवार को घाटी के करीब एक दर्जन से अधिक श्रद्धालुओं के घरों में मेहमान नवाजी के लिए पधारे। श्रद्धालुओं की तरफ से भव्य स्वागत कर जलपान का प्रबंधन भी किया गया। इस दौरान हजारों लोगों ने देवताओं के दर्शन कर उनसे आशीर्वाद लेकर परिवार की सुख-शांति की प्रार्थना की। संवाद