इंदौरा के मंड क्षेत्र में खनिज की ढुलाई करने वाले वाहनों के लिए अलग सड़क बनाई जाएगी। भाजपा विधायक रीता धीमान के सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने बताया कि मंड क्षेत्र में खनन ढुलाई करने वाली गाड़ियों के कारण सड़कों की हालत खराब हो गई है।
क्षेत्र में 16 क्रशर लगे हैं। इनमें नौ काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने विभागीय अधिकारियों को आदेश दिए कि क्रशर को जाने के लिए अलग सड़क बनाने का प्रस्ताव तैयार किया जाए।
इससे पूर्व विधायक रीता धीमान ने सरकार के जवाब पर असंतुष्टि जताई। उन्होंने मंड क्षेत्रों को नो माइनिंग जोन घोषित करने की मांग की। कहा, यही हाल रहा तो इंदौरा की सारी भूमि बंजर हो जाएगी।
उद्योग मंत्री ने बताया कि यह क्षेत्र पौंग बांध क्षेत्र के साथ लगता है। ऐसे में क्षेत्र में खनन करना बहुत जरूरी है। अगर ऐसा नहीं हुआ तो कई क्षेत्र पानी में डूब जाएंगे। उन्होंने कहा कि अवैध खनन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। चाहे वे भाजपा के हों या कांग्रेस के।
शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में साइकोलॉजी विषय शुरू करने के लिए एससीईआरटी सोलन से सर्वे करवाया जाएगा। अगर विषय को पढ़ने वाले विद्यार्थियों की संख्या अधिक हुई तो इसे शुरू किया जाएगा।
कांग्रेस विधायक धनीराम शांडिल के सवाल पर शिक्षा मंत्री ने बताया कि साल 2010 में साइकोलॉजी विषय के प्रवक्ता, पीजीटी के कैडर को डाइंग घोषित कर दिया गया है। वर्तमान में प्रदेश के सिर्फ दस स्कूलों में इस विषय को पढ़ाया जा रहा है।