एचआरटीसी बस पर गिरीं चट्टानें।
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के उरनी ढांक से फिर भूस्खलन हुआ है। गुरुवार देर रात को ढांक से एचआरटीसी की रिकांगपिओ से शिमला-काजा रूट की बस चट्टानें गिर गईं। इससे बस वहीं फंस गई है। पत्थरों की चपेट में आने से तीन यात्रियों को चोटें आई हैं। बस को भी भारी क्षति हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही थाना टापरी, चौकी करछम व पुलिस लाइन रिकांगपिओ से पुलिस जवानों की टीम घटनास्थल के लिए भेजी गई। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण किन्नौर के अनुसार घायलों का आर्मी अस्पताल चोलिंग में उपचार चल रहा है। बस में सवार अन्य सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। पुलिस की ओर से आगामी कार्रवाई की जा रही है। हादसे की जानकारी घटनास्थल से आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को यात्री दिनेश कुमार व तेनजिन से प्राप्त हुई।
चांगो में ट्रेक्टर पलटा; चालक की मौत, तीन घायल
वहीं, जनजातीय जिला कि पूह खंड के चांगो में नेशनल हाईवे पांच पर एक ट्रेक्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हादसे में तीन अन्य लोग घायल हो गए हैं। उन्हें उपचार के लिए चांगो अस्पताल लाया गया है। पुलिस केस दर्ज कर हादसे की छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक जिला किन्नौर के राष्ट्रीय उच्च मार्ग पांच चांगो में जलशक्ति विभाग की विश्रामगृह के पास बुधवार को एक ट्रेक्टर सड़क पर पलट गया। इस हादसे में चालक रतन बहादुर निवासी नेपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजेश बहादुर, संजू और विषम बहादुर निवासी नेपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस थाना पूह में दी और सूचना मिलते ही पुलिस का दल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घायलों को चांगो अस्पताल पहुंचाया। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर हादसे के कारणों की छानबीन में शुरू कर दी है। डीएसपी हेड क्वार्टर नवीन झालटा ने बताया कि सड़क हादसे में चालक की मौत हो गई है, जबकि तीन अन्य लोग घायल हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दर्ज कर छानबीन में जुटी हुई है।