विश्वविख्यात किन्नौरी सेब ने देश और प्रदेश की मंडियों में दस्तक दे दी है। विभिन्न मंडियों में किन्नौरी सेब की तीन हजार पेटियां पहुंच चुकी हैं। यह सेब निचले क्षेत्रों का है, जबकि ऊपरी इलाकों का सेब सितंबर अंत में आना शुरू होगा। बागवान मंडियों में तीन तरह की पैकिंग कर भेज रहे हैं।
गिफ्ट पैक 8 से 10 किलोग्राम, स्माल पैक 22 से 25 किलोग्राम और लार्ज पेटी की पैकिंग 27 से 30 किलोग्राम की है। सेब की एक पेटी 1000 से 1600 रुपये में बिक रही है, जबकि पिछले साल 1200 से 2000 रुपये प्रति पेटी दाम मिले थे। पिछले वर्ष की तुलना इस बार अच्छे दाम न मिलने से बागवान मायूस हैं।
किन्नौर जिले के निचले क्षेत्रों निचार खंड के चौरा, निगुलसरी, निचार, पोंडा, कफौर, शिलानी, बरी, कंगोस सहित अन्य इलाकों में सेब सीजन शुरू हो गया है। अब तक रत्नपुर मंडी में 419, सोलन 765, चंडीगढ़ 50, बिथल 543, सैंज 200, परवाणू 351, नारकंडा 478, खेगसू 405 और मतियाना से 153 पेटियां मंडियों में पहुंच चुकी हैं।
बागवान राकेश नेगी, दीपक नेगी, दिव्या नेगी, भारती नेगी, अनू नेगी, प्रवीन नेगी, प्रज्ञा नेगी, सुनील नेगी, देव भगत नेगी, देवी सिंह नेगी, सुक्ष्मा नेगी, बवीता नेगी, श्रवण कुमार नेगी, वीरेंद्र सिंह नेगी, योगेंद्र सिंह नेगी, दौलत सिंह नेगी ने कहा कि इन दिनों जो सेब मंडी पहुंच रहा है, उसके बीते वर्ष की अपेक्षा कम दाम मिल रहे हैं। उद्यान विभाग किन्नौर के उपनिदेशक डॉ. हेम चंद शर्मा, उद्यान प्रसार अधिकारी पवन कुमार नेगी ने कहा कि अब तक जिले के निचले क्षेत्रों से 3,364 सेब पेटियां विभिन्न मंडियों में पहुंच चुकी हैं।