पुलिस की सुरक्षा पर उठ रहे सवाल, 50 मीटर लंबी केबल काट कर ले गए चोर
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। शहर के कई हिस्सों में चोरियां तो हो रही हैं लेकिन अब शातिरों ने मुख्यमंत्री के सरकारी आवास के पास से ही केबल चुरा ली। सीएम आवास के आसपास पुलिस की सुरक्षा का काफी कड़ी मानी जाती है। यही नहीं विधानसभा सत्र के चलते भी शहर में सुरक्षा बढ़ाई गई है।
इसके बावजूद चोर मुख्यमंत्री के सरकारी आवास के पास से केबल उड़ा ले गए। बीएसएनएल के सहायक अभियंता नरेश ने पुलिस में इस बाबत शिकायत दर्ज करवाई है। आठ माह के भीतर शहर में केबल चोरी की 8 घटनाएं हो चुकी हैं। इनमें चोर करीब 452 मीटर केबल पर हाथ साफ कर चुके हैं। चोरों ने मंगलवार को ओकओवर के पास से करीब 20 पेयर की 50 मीटर केबल चुरा ली। इस कारण क्फिलेंट इस्टेट, चार्ली विला सहित आसपास के कई महत्वपूर्ण संस्थानों में बीएसएनएल की सेवाएं बाधित हुई हैं। छोटा शिमला थाना में इस बाबत शिकायत दर्ज करवाई गई है।
एसआईटी कर रही मामले की जांच
शिमला। 2 अगस्त को 400 पेयर की 4 मीटर केबल कुफ्टाधार भराड़ी से और 50 पेयर की 40 मीटर केबल रामनगर से चोरी हुई, 30 जुलाई को 50 पेयर की 80 मीटर केबल राम नगर से चोरी हुई। 17 जुलाई को 100 पेयर की साढ़े चार मीटर और 100 मीटर की ही ढाई मीटर केबल फागली स्कूल के पास से चोरी हुई। 12 जुलाई को 100 पेयर की 50 मीटर और 50 पेयर की 20 मीटर केबल संस्कृत कालेज फागली के पास से चोरी हुई। 7 अगस्त को रिज मैदान से सटे सत्संग घर लक्कड़ बाजार के पास चोर करीब 400 पेयर की दो केबल, 200 पेयर की चार केबल सहित करीब आधा दर्जन छोटी अंडरग्राउंड केबल चुरा ले गए थे। हालांकि एसआईटी भी मामले की जांच कर रही है।