अभी तक 100 से अधिक बच्चे करवा चुके हैं पंजीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। इंदिरा गांधी खेल परिसर में स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए विंटर कक्षाएं चलाई जा रही हैं। इसमें शुक्रवार को विद्यार्थियों को कराटे की कक्षा में आत्मरक्षा के गुर सिखाए गए।
दोपहर 12:30 बजे से शुरू हुई इस कक्षा में बच्चों को सबसे पहले कराटे की बेसिक चीजें सिखाई गईं। इसके बाद उन्हें यक्शू कमिते, फाइटिंग और काता सहित कराटे की अन्य विधियां सिखाईं। कक्षा में 70 से अधिक बच्चों ने हिस्सा लिया। कराटे के कोच अजय ने बताया कि कराटे सीखने के लिए 100 से अधिक बच्चों ने पंजीकरण करवाया है जिसमें 5 साल के बच्चे भी शामिल हैं। सर्दियों की छुट्टियों में हर साल शहरभर से सैकड़ों विद्यार्थी खेल गतिविधियों का प्रशिक्षण लेने के लिए खेल परिसर आते हैं। खेल परिसर में अधिकतर विद्यार्थी शूटिंग, जिम, बैडमिंटन, कराटे, जूडो, बॉक्सिंग, वाॅलीबाल और टेबल टेनिस सहित अन्य खेलों का प्रशिक्षण लेते हैं। दिसंबर में परीक्षाओं के चलते जो इच्छुक प्रतिभागी पंजीकरण नहीं करवा पाए थे उनके लिए इस महीने में पंजीकरण करवाने का मौका दिया जा रहा है। यह शिमला का एकमात्र खेल परिसर है जहां पर बच्चे अभ्यास के लिए आते हैं।