चौथे दिन भी प्रभावितों को नहीं मिली राहत
मुल्थान में पीड़ितों को चार दिन बीत जाने के बाद भी कंपनी की ओर से कोई राहत राशि मुहैया नहीं करवाई गई है। प्रभावित लोग अभी भी परिवार के साथ होटलों में रह रहे हैं। पीड़ित महिला अछरी, रमिला, कांटा, अशोक, लाल चंद और मनोज आदि ने कहा कि सभी लोग अपने परिवारों को लेकर प्रशासन की ओर से होटलों में उपलब्ध करवाए गए कमरों में रह रहे हैं। तबाही में सब कुछ खत्म हो गया है। पहनने के लिए कपड़े तक नहीं बचे हैं। अभी पेन स्टॉक से जो नाला बना है, उससे पानी बंद नहीं हुआ है और दिन-रात खतरा बना हुआ है। दुकानदारों ने कहा कि हमारा करोड़ों का नुकसान हो चुका है। उधर, परियोजना के जीएम देवी सिंह चौहान ने बताया कि मलबा हटाने के लिए मशीनें लगा दी गई हैं। नुकसान का आकलन कर जल्द ही उसकी भरपाई की जाएगी। लोक निर्माण विभाग मुल्थान के जेई अनिश ठाकुर ने बताया कि मलबा हटाने और सड़क को खोलने में विभाग के मजदूर लगे हुए हैं।