जब भी कभी हल्का स्वादिष्ट खाने का मन हो तो पुलाव या खिचड़ी ही ध्यान में आते हैं। तो आइए आप भी जानिए कि कैसे बनता है बासमती चावलों से महकता काबुली चने का पुलाव।
आवश्यक सामग्रीः
बासमती चावल - 200 ग्राम
काबुली चना - 100 ग्राम
जीरा - 1/2 छोटी चम्मच
काली मिर्च - 10 -12
दाल चीनी - एक टुकड़ा
बड़ी इलाइची - 2
घी - 2-4 टेबल चम्मच
हल्दी पाउडर - 1/4 छोटी चम्मच से कम
अदरक - 1 इंच का लंबा टुकड़ा
हरी मिर्च - 1-2
नमक - स्वादानुसार
नीबू - 1
हरा धनियां - बारीक कतरा हुआ
विधिः
सबसे पहले चावल को साफ करें और फिर इसे आधा घंटे के लिए पानी में भिगो दें। काबुली चना रात भर पानी में भिगोए होने चाहिए। इसके बाद काली मिर्च, दाल चीनी और बड़ी इलाइची को छिल कर कूट लें। अदरक को कद्दूकस कर लें और हरी मिर्च को भी बारीक काट लीजिए।
प्रैशर कुकर में घी डालकर गरम करें। फिर गरम घी में जीरा डालकर कड़कने दें। इसके बाद कुटे हुए मसाले डालें। हल्का भूनने के बाद अदरक, हरी मिर्च, हल्दी पाउडर, चावल और काबुली चने डाल कर 2-3 मिनट तक कड़छी से हिलाते हुए भूनें।
चावल से दोगुना पानी, नमक और नींबू का रस डालकर मिलाएं। फिर कुकर पर ढक्कन लगाकर एक सीटी आने तक पका लीजिए। पकने के बाद कुकर खोलिए। आपका काबुली चने का पुलाव तैयार है। इसमें अब हरा धनियां डाल सकते हैं।