फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla News: हजारों लोगों के लिए सिर्फ एक टैक्सी, सीटों के लिए धक्कामुक्की

विज्ञापन
विज्ञापन
राजधानी के ऐतिहासिक हनुमान मंदिर जाखू के लिए पहुंचना आम लोगों और सैलानियों के लिए अब मुश्किल भरा हो रहा है। एचआरटीसी ने रिट्ज से मंदिर के लिए टैक्सी सुविधा तो दी है लेकिन हजारों श्रद्धालुओं के लिए एक टैक्सी ऊंट के मुंह में जीरा के समान है। टैक्सी में बैठने के लिए बुजुर्ग महिलाएं धक्कामुक्की करने को मजबूर हैं। संवाददाता दीक्षा सरोय ने इसका जायजा लिया। पेश है लाइव रिपोर्ट :-
विज्ञापन



सुबह 9:00 बजे से रिट्ज परिसर के पास लग जाती है भीड़
सीट न मिलने पर किराये पर करना पड़ती है निजी टैक्सी
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। दिन : मंगलवार। समय : सुबह 11:15 बजे। रिज मैदान के रिट्ज परिसर के पास जाखू हनुमान मंदिर जाने के लिए लोगों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया है। स्थानीय लोगों के साथ कई सैलानी भी एचआरटीसी टैक्सी का इंतजार कर रहे हैं।
मंगलवार होने के कारण मंदिर के लिए आज श्रद्धालुओं की भीड़ बाकी दिन के मुकाबले ज्यादा है। मौके पर कई महिलाएं और बुजुर्ग भी खड़े हैं। इनमें कई तो लाठी के सहारे यहां पहुंचे बुजुर्ग भी शामिल हैं। करीब 11:55 बजे जाखू की ओर से एचआरटीसी टैक्सी यहां पहुंचती है। अभी इसमें बैठी सवारियां उतरी भी नहीं है कि मौके पर मौजूद लोग सीट के लिए धक्का-मुक्की शुरू कर देते हैं। अफरातफरी के बीच कई लोग टैक्सी में बैठ गए जबकि कुछ बुजुर्ग बाहर खड़े होकर चालक को देखने लगे।
विज्ञापन

चालक ने कहा कि अब सीटें भर गई हैं। आपको इंतजार करना होगा। मायूस बुजुर्ग फिर से यहीं सीढि़यों पर बैठ गए। बोले कि मंगलवार को तो एचआरटीसी को दो टैक्सियां चलानी चाहिए। अब फिर से एक घंटे का इंतजार करना पड़ेगा। दोपहर बाद भी यहां टैक्सी में बैठने के लिए ऐसे ही लोगों में धक्कामुक्की जारी रही। 1:30 बजे टैक्सी फिर मौके पर पहुंची। लोग अभी इसमें बैठने की तैयारी ही कर रहे थे कि चालक ने कहा कि अब लंच टाइम हो गया है। अब 2:00 बजे के बाद ही टैक्सी चलेगी। मौके पर खड़े कई बुजुर्ग ऐसे भी थे जो पैदल चलने में सक्षम नहीं थे। उन्हें भी परेशानी झेलनी पड़ी।




30 रुपये की जगह देने पड़ रहे 500 रुपये
मौके पर निजी टैक्सी चालक भी मौजूद थे जो सवारियों को मंदिर ले जाने के लिए कहते रहे। कई लोगों ने एचआरटीसी टैक्सी में सीट न मिलने पर निजी टैक्सी का सहारा लिया। एचआरटीसी टैक्सी में 30 रुपये के किराये में लोग मंदिर पहुंचते हैं लेकिन निजी टैक्सी में 500 रुपये तक किराया देना पड़ा। हालांकि यह निजी टैक्सी भी रिचमाउंट से चलती है। लोगों का कहना है कि रोपवे का किराया भी 250 रुपये है जो एकतरफा आवाजाही के लिए काफी ज्यादा है।

क्या कहते हैं लोग
डेढ़ घंटे से नहीं मिली टैक्सी : सीता
बल्देयां से जाखू हनुमान मंदिर दर्शनों के लिए जा रही बुजुर्ग सीता देवी ने कहा कि वह पिछले डेढ़ घंटे से टैक्सी का इंतजार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि उनकी टांगों में दर्द रहती है, ऐसे में वह धक्का-मुक्की की वजह से टैक्सी में नहीं बैठ पा रही हैं। एक ही टैक्सी है ऐसे में लंबा इंतजार पड़ रहा है।


दो बार टैक्सी में नहीं चढ़ सकी : प्रिया
रोहड़ु की प्रिया ने कहा कि वह अपने दो छोटे-छोटे बच्चों के साथ पैदल नहीं चल सकतीं। इसलिए वह टैक्सी का इंतजार कर रहीं है। बताया कि वह पिछले एक घंटे से दो बार भीड़ की वजह से टैक्सी में नहीं जा पाई हैं। ऐसे में अब उन्हें निजी टैक्सी के लिए 15 मिनट चलने का विकल्प चुनना पड़ा।


अतिरिक्त टैक्सियां चलाए निगम : कुमार
कोहबाग से जाखू मंदिर जाने के लिए आए रमेश कुमार ने बताया कि सुबह से मंदिर के लिए निकले हैं और अब टैक्सी भी नहीं मिल रही। मंदिर के लिए अतिरिक्त टैक्सियां चलनी चाहिए।



दो टैक्सियां चलाए निगम : निर्मला
जाखू हनुमान मंदिर जाने के लिए घणाहट्टी की निर्मला भी टैक्सी का इंतजार कर रहीं थीं। उन्होंने कहा कि उन्हें स्वास्थ्य कारणों के चलते बस स्टैंड से भी टैक्सी में ही आना पड़ा। अब लंबे समय से टैक्सी का इंतजार का रही हैं। रोजाना करीब दो टैक्सियां चलनी चाहिए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें