मंडी में मांगों के समर्थन में रैली निकालते संयुक्त पटवारी एवं कानूनगो महासंघ के पदाधिकारी व स
मंडी। हिमाचल प्रदेश संयुक्त पटवारी एवं कानूनगो महासंघ ने शुक्रवार को विभिन्न मांगों को लेकर मंडी शहर में रोष रैली निकाली। इस दौरान महासंघ से जुड़े कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अपना गुबार निकाला। जिला प्रधान विशंभर ठाकुर की अगुवाई में महासंघ के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन प्रेषित किया।
जिला प्रधान विशंभर ठाकुर ने बताया कि कानूनगो एवं पटवारी का स्टेट कैडर की अधिसूचना की कर्मचारियों को कोई भी आपत्ति नहीं हैं, लेकिन उनकी कुछ मांगों को स्वीकृति मिलने के बाद ही सरकार को स्टेट कैडर की अधिसूचना जारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मिनिस्ट्रियल स्टाफ का कोटा खत्म किया जाए।
कहा कि पटवारी एवं कानूनगो वर्ग को दिए जा रहे मासिक भत्तों में आधुनिक महंगाई को मद्देनजर रखते हुए बढ़ोतरी की जाए। पटवारी एवं कानूनगो की वेतन विसंगतियां दूर की जाएं। पटवारी एवं कानूनगो के मूल वेतन में विसंगतियां को दूर किया जाए। कानूनगो से नायब तहसीलदारों की पदोन्नति बैच के आधार पर की जाए। जो भी फील्ड का स्टाफ तहसील एवं उप मंडलाधिकारी (ना.) कार्यालय में लगाए गए हैं उन्हें फील्ड में भेजा जाए।
महासंघ ने मांग उठाई है कि पटवार एवं कानूनगो भवनों की मरम्मत कर रिहायश लायक बनाया जाए। चार पटवार वृत्तों पर एक कानूनगो वृत्त का सृजन किया जाए। हाल ही में मंडल स्तर पर कानूनगो से पदोन्नत होने वाले नायब तहसीलदारों की वरिष्ठता सूची प्रत्येक कानूनगो को उपलब्ध करवाई जाए। मात्र स्थानांतरण के लिए ही स्टेट कैडर किसी भी सूरत में मान्य नहीं है।
000