युवाओं के लिए नौकरी के द्वार खुलने वाले हैं। श्रम एवं रोजगार विभाग प्रदेश भर के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर प्रदान करने जा रहा है। इसके लिए भर्ती का आयोजन किया जा रहा है।
विभाग की ओर से 14 नवंबर को कुल्लू के ढालपुर मैदान में प्रदेश भर के 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में कई प्रसिद्ध कंपनियां साक्षात्कार लेकर युवाओं को रोजगार प्रदान करेंगी।
जिला रोजगार अधिकारी हरि राम ने बताया कि यह रोजगार मेला सुबह नौ बजे आरंभ होगा। इसमें पांचवीं, आठवीं, दसवीं और बारहवीं पास युवाओं के साथ-साथ आईटीआई, पॉलीटैक्निक डिप्लोमाधारक, बीटैक और अन्य डिप्लोमाधारक और सामान्य स्नातक पास युवाओं के साक्षात्कार लिए जाएंगे।
ये प्रमाण पत्र साथ लाएं
चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही नियुक्ति पत्र जारी कर दिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि साक्षात्कार के इच्छुक युवाओं को मूल शैक्षणिक प्रमाणपत्र, अंक विवरणियां, इनकी फोटो प्रतियां, तीन पासपोर्ट साइज फोटो और रोजगार कार्यालय पहचान पत्र साथ लाना होगा।
युवा अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के टेलीफोन नंबर 01902-222522 पर संपर्क किया जा सकता है। जिला रोजगार अधिकारी ने प्रदेश भर के युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
आईटीआई में कैंपस इंटरव्यू
वहीं सोलन आइटीआई में प्रशिक्षु और प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके युवाओं के लिए कैंपस इंटरव्यू होगा। उत्कृष्ट आइटीआई सोलन में 13 को एबौट इंडिया और 15 नवंबर को पीएंडजी कंपनी साक्षात्कार लेगी। इसमें इलेक्ट्रानिक्स, इलेक्ट्रिकल, फैब्रिकेशन, फिटर, टर्नर व मशिनिस्ट ट्रेडों के प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्र व आइटीआई पास आउट छात्र भी हिस्सा ले सकते हैं।
इसके लिए प्रत्याशी +2 पास होना चाहिए व उम्र 18 से 22 वर्ष तक होना जरूरी है। इस कैंपस इंटरव्यू में लगभग हर ट्रेड से पद भरे जाएंगे। बताया जा रहा है कि करीब 50 से अधिक नियुक्तियां होंगी। संस्थान के ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट अधिकारी पीसी गुप्ता ने बताया कि साक्षात्कारों के दौरान अपने मूल सर्टिफिकेट व पासपोर्ट साइज फोटो लेकर आना जरूरी है।