हिमाचल के चंबा जिले के युवाओं के लिए नौकरी पाने का सुनहरा अवसर है। हिमाचल प्रदेश की दो नामी कंपनियों द्वारा चंबा के विभिन्न स्थानों पर रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।
एमएस जानसन व बेस कारपोरेशन कंपनी द्वारा ऑपरेटर ट्रेनी और ट्रेनी आप्रेंटिसिज के करीब 200 पद भरे जाने हैं। इसमें ऑपरेटर ट्रेनी के छह और ट्रेनी आप्रेंटिसिज के 194 पद भरे जाएंगे।
बेस कारपोरेशन की ओर से भरे जा रहे ट्रेनी आंप्रेटिसिज के 194 पदों के लिए 22 जुलाई को रंगमहल स्थित जिला रोजगार कार्यालय में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा 23 जुलाई को चुवाड़ी स्थित रोजगार कार्यालय में साक्षात्कार होंगे।
पात्रता की रखी गई हैं ये शर्तें
साक्षात्कार में हिस्सा लेने वाले युवाओं की आयु 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके अलावा शैक्षणिक योग्यता जमा दो पास रखी गई है। कंपनी द्वारा मौके पर ही युवाओं को ज्वाइनिंग लेटर दिए जाएंगे।
चयनित युवाओं को 5100 रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा हर तीन माह बाद मानदेय में बढ़ोतरी होगी।
कार्यकारी जिला रोजगार अधिकारी पीएस चंबियाल ने बताया कि रोजगार कार्यालय में पंजीकृत युवाओं को कॉल लेटर जारी कर दिए गए हैं, जिन युवाओं को लेटर नहीं मिले हैं वे भी साक्षात्कार में हिस्सा ले सकते हैं।
जॉनसन कंपनी के साक्षात्कार 29 को
वहीं, एमएस जॉनसन कंपनी द्वारा कुल छह पद भरे जाने हैं। इसके लिए 29 जुलाई को रंगमहल स्थित जिला रोजगार कार्यालय में रोजगार मेले का आयोजन होगा।
ऑपरेटर ट्रेनी के इन पदों के लिए केवल लड़के ही पात्र होंगे। इसके लिए शैक्षणिक योग्यता 45 प्रतिशत अंकों के साथ जमा दो पास रखी गई है। इसके अलावा अभ्यर्थी को अंग्रेजी की जानकारी होनी चाहिए।
इन पदों के लिए आयु सीमा 18 से 21 वर्ष रखी गई है। चयनित युवाओं को कंपनी द्वारा सात हजार रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा। साथ ही अन्य प्रकार के भत्ते भी मिलेंगे।