जूनियर इंजीनियर पोस्ट कोड 970 पेपर लीक मामले में वीरवार को एसआईटी ने हमीरपुर जिला सत्र न्यायालय में अपना पक्ष रखा। एसआईटी ने अदालत को जेई सिविल पेपर लीक मामले में संलिप्त आरोपियों की भूमिका की जानकारी दी। एसआईटी ने अदालत से तीनों आरोपियों के पुलिस रिमांड की मांग की है। अब इस मामले में अदालत 30 अक्तूबर को सुनवाई करेगी।
एसआईटी ने विजिलेंस थाना हमीरपुर में पोस्ट कोड 970 जूनियर इंजीनियर पेपर लीक मामले में एचएएस अधिकारी डॉ. जितेंद्र कंवर, बर्खास्त ट्रैफिक इंस्पेक्टर रवि कुमार, अभ्यर्थी मुकेश कुमार और अभ्यर्थी के पिता रणजीत सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था।
इसके बाद तीनों सर्वोच्च न्यायालय चल गए। लेकिन सर्वोच्च न्यायालय ने भी तीनों की जमानत अर्जी को 13 अक्तूबर 2023 खारिज करते हुए तीन सप्ताह के भीतर तीनों आरोपियों को जांच एजेंसी के समक्ष आत्मसमर्पण करने के आदेश दिए।
सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों की पालना करते हुए तीनों आरोपियों ने बीते बुधवार को हमीरपुर स्थित विजिलेंस थाना में आत्मसमर्पण कर दिया। अब तीनों आरोपी जमानत के लिए जिला न्यायालय हमीरपुर में जमानत अर्जी देने की कोशिश में हैं।