ऊना जिले में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए सभी जेसीबी मशीनों में जीपीएस लगाए जाएंगे। इसके अलावा मॉडिफाइड ट्रक और टिपरों पर भी पूरी तरह रोक लगाई जाएगी। जिले में अवैध खनन रोकने के लिए परिवहन विभाग को एसपी ने निर्देश दिए हैं। विभाग को तीन दिन में जिले की सभी जेसीबी मशीनों को जीपीएस से जोड़ने के निर्देश दिए हैं। अवैध खनन रोकने को लेकर लीज धारकों को भी खनन करने के लिए दी गई भूमि चिह्नित करने के लिए पिलर लगाने होंगे।
एनजीटी की ओर से खनन रोकने को लेकर अधिकारियों को सख्त दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। एनजीटी के दिशा-निर्देशों का पालन न करने वाले विभागों के अधिकारियों पर भी कार्रवाई होगी। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग के अधिकारी खनन सामग्री ले जाने को लेकर रोड चिह्नित करेंगे। लोक निर्माण विभाग की ओर से तय रूट मैप के अनुसार ही वाहनों में खनन सामग्री ले जाने की अनुमति होगी।
एसपी अर्जित सेन ठाकुर ने वीरवार को एसपी कार्यालय में खनन अधिनियम को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों से बैठक की। इसमें डीएसपी ऊना कुलविंद्र सिंह, जिला खनन अधिकारी नीरज कांत, अशोक कुमार अधीक्षक आरटीओ कार्यालय ऊना, राजेश कुमार, लोक निर्माण विभाग से अरविंद कुमार, जलशक्ति विभाग के एक्सईएन नरेश धीमान व एचएस ठाकुर भी उपस्थित रहे।
एसपी अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि बैठक में एनजीटी व पुलिस मुख्यालय के दिशा-निर्देशों के बारे में विभागों के अधिकारियों को बताया गया। सभी अधिकारियों को हिदायत दी गई कि अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में खनन माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। यदि कोई भी विभाग अपने अधिकार क्षेत्र में खनन माफिया के विरुद्ध कार्रवाई करने में लापरवाही करता है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।